UP Voter List 2026: हिंदू वोटरों के नाम कटने के दावे पर चुनाव आयोग का जवाब, नवदीप रिणवा बोले- मतदाता सूची में धर्म का कॉलम नहीं

UP Voter List 2026: नवदीप रिणवा ने कहा- मतदाता सूची में धर्म संबंधी जानकारी दर्ज नहीं होती; यूपी में 13.58 करोड़ से अधिक मतदाता, 16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां

UP Voter List 2026: उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिछले ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने के दावे पर अब मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी मतदाता के धर्म से जुड़ी जानकारी दर्ज नहीं की जाती। इसमें नाम, संबंध और उम्र जैसे विवरण ही शामिल होते हैं।

नवदीप रिणवा ने कहा कि निर्वाचन विभाग धर्म के आधार पर मतदाताओं का कोई आंकड़ा उपलब्ध नहीं कराता। उन्होंने यह भी बताया कि तकनीकी माध्यमों से मतदाता सूची की पीडीएफ को डेटाबेस में बदलकर उसका विश्लेषण किया जा सकता है। बाजार में ऐसे कई एप और सॉफ्टवेयर उपलब्ध हैं, जो अलग-अलग आधार पर डेटा का वर्गीकरण कर सकते हैं। हालांकि, इससे निर्वाचन विभाग की ओर से धर्म आधारित आंकड़े जारी किए जाने का अर्थ नहीं निकलता।

मतदाताओं की संख्या में 18.84 लाख की बढ़ोतरी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत जारी आलेख्य मतदाता सूची के आंकड़े भी साझा किए। उनके मुताबिक, 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित मतदाता सूची में प्रदेश के कुल 13,39,84,792 मतदाता दर्ज थे। वहीं, 17 नवंबर को जारी ड्राफ्ट सूची में यह संख्या बढ़कर 13,58,68,905 हो गई है।

इस तरह अप्रैल से नवंबर के बीच प्रदेश की मतदाता सूची में कुल 18,84,113 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है। निर्वाचन विभाग का कहना है कि पुनरीक्षण प्रक्रिया का उद्देश्य सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के साथ सभी पात्र नागरिकों को मतदाता के रूप में शामिल करना है।

16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे मतदाता

नवदीप रिणवा ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। इस दौरान नागरिकों को नाम जुड़वाने, अपात्र प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने और मौजूदा विवरण में संशोधन कराने का अवसर मिलेगा।

इसके लिए अलग-अलग फॉर्म निर्धारित किए गए हैं। नए मतदाता के रूप में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, किसी नाम को हटाने या उस पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 और मतदाता सूची में दर्ज विवरण में सुधार के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जा सकेगा।

चार दिन विशेष अभियान चलाएगा निर्वाचन विभाग

मतदाता सूची को दुरुस्त करने और पात्र लोगों का नाम शामिल कराने के लिए प्रदेशभर में विशेष अभियान दिवस भी आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत 21, 22, 28 और 29 नवंबर को सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा।

इन दिनों बूथ स्तर पर अधिकारियों की मौजूदगी में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और जरूरी संशोधन के लिए आवेदन करने में सहायता दी जाएगी। निर्वाचन विभाग ने खास तौर पर युवाओं और महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल करने पर जोर दिया है।

महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर भी जोर

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूची की प्रविष्टियों की शुद्धता को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि जनसंख्या के अनुमान और मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं की संख्या के बीच करीब दो करोड़ का अंतर सामने आ रहा है। इसमें महिला मतदाताओं की संख्या का अंतर अपेक्षाकृत अधिक है।

ऐसे में निर्वाचन विभाग का ध्यान पात्र महिला मतदाताओं और युवाओं को सूची में शामिल करने के साथ-साथ पहले से दर्ज नामों और अन्य विवरणों की जांच पर भी है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जरूर जांच लें। यदि किसी तरह की गड़बड़ी या नाम छूटने की स्थिति हो तो निर्धारित अवधि में संबंधित फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

written by Siddhi Srivastava

Show More

Related Articles

Back to top button