Varanasi News : काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन की तत्परता से बिछड़ी महिला श्रद्धालु परिजनों से मिलीं, ढाई घंटे में तलाशा परिवार

Varanasi News : वाराणसी के काशी विश्वनाथ धाम में मंदिर प्रशासन की तत्परता से हापुड़ की 60 वर्षीय महिला श्रद्धालु रेनू सक्सेना अपने परिजनों से सकुशल मिलीं।

Varanasi News : श्री काशी विश्वनाथ धाम में मंदिर प्रशासन की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बिछड़ी महिला श्रद्धालु को उनके परिजनों से सकुशल मिला दिया गया। हापुड़ से काशी दर्शन-पूजन के लिए आईं करीब 60 वर्षीय रेनू सक्सेना काल भैरव मंदिर में दर्शन के दौरान अपने बच्चों से बिछड़ गई थीं। मंदिर प्रशासन के प्रयासों से दोपहर करीब 2:30 बजे उनका परिवार से पुनर्मिलन हो गया।

जानकारी के मुताबिक, रेनू सक्सेना बुधवार सुबह करीब 7 बजे काल भैरव मंदिर में दर्शन कर रही थीं। इसी दौरान वह अपने बच्चों से अलग हो गईं। परिजनों की काफी तलाश करने के बावजूद जब उनका पता नहीं चला तो वह उन्हें खोजते हुए दोपहर करीब 1 बजे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचीं।

महिला श्रद्धालु के बिछड़ने की जानकारी मिलते ही श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन सक्रिय हो गया। प्रशासन ने उपलब्ध जानकारी के आधार पर उनके परिजनों से संपर्क स्थापित करने और उन्हें तलाशने के प्रयास शुरू किए। मंदिर प्रशासन की तत्परता का नतीजा रहा कि करीब डेढ़ घंटे के भीतर दोपहर 2:30 बजे रेनू सक्सेना को उनके बच्चों शालू सक्सेना (27 वर्ष) और एक अन्य परिजन (24 वर्ष) से मिलवा दिया गया।

काफी समय तक परिजनों से बिछड़े रहने के कारण परेशान महिला ने परिवार से दोबारा मिलने पर राहत और खुशी जाहिर की। उन्होंने मंदिर प्रशासन की त्वरित कार्रवाई, सहयोग और संवेदनशील व्यवहार के लिए आभार व्यक्त किया।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन उपलब्ध कराने के साथ उनकी सुविधा एवं सहायता सुनिश्चित करना भी उसकी प्राथमिकता है। मंदिर प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।

Show More

Related Articles

Back to top button