
health News : ठाकुरगंज स्थित टीबी सह संयुक्त चिकित्सालय ने चिकित्सा क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार मुख (ओरल) कैंसर की सफल सर्जरी की है। अस्पताल के ईएनटी विभाग की विशेषज्ञ टीम ने 40 वर्षीय मरीज का सफल ऑपरेशन कर उसे स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया। इस सफलता से सरकारी अस्पतालों में कैंसर उपचार की बेहतर सुविधाओं को नई मजबूती मिली है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार ठाकुरगंज निवासी 40 वर्षीय मरीज की जीभ के किनारे लंबे समय से ऐसा घाव था, जो सामान्य उपचार के बावजूद ठीक नहीं हो रहा था। मरीज ने अस्पताल के नाक, कान एवं गला (ईएनटी) विभाग में परामर्श लिया। जांच के दौरान ईएनटी सर्जन डॉ. अनित्या श्रीवास्तव ने बायोप्सी कराने की सलाह दी। जांच रिपोर्ट में कैंसर की पुष्टि होने के बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों ने तत्काल ऑपरेशन करने का निर्णय लिया।
24 जुलाई को मरीज को भर्ती कर सफलतापूर्वक मुख कैंसर की सर्जरी की गई। ऑपरेशन के दौरान गले का सेलेक्टिव लिम्फ नोड डिसेक्शन (Selective Lymph Node Dissection) भी किया गया। सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति लगातार सामान्य रही और पूरी तरह स्वस्थ होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
इस जटिल ऑपरेशन को सफल बनाने में एनेस्थेटिस्ट डॉ. शाहिद अंसारी, ईएनटी सर्जन डॉ. अनित्या श्रीवास्तव, स्टाफ नर्स नीतू मिश्रा, अर्चना श्रीवास्तव, अरुणा देवी तथा ऑपरेशन थिएटर की पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आनंद त्रिपाठी ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि अस्पताल की ईएनटी यूनिट आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित है। यहां नाक, कान और गले से जुड़ी कई जटिल शल्यक्रियाएं सफलतापूर्वक की जा रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि मुंह, नाक, कान या गले में कोई समस्या लंबे समय तक बनी रहे या घाव ठीक न हो तो उसे नजरअंदाज न करें और समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सक से जांच कराएं।



