
Telangana: तेलंगाना के यादाद्रि-भुवनगिरि जिले से एक बड़े औद्योगिक हादसे की खबर सामने आई है। पोचमपल्ली मंडल के डोटिगुडेम गांव स्थित एक फार्मास्युटिकल यूनिट में देर रात जोरदार धमाका हो गया। हादसा हेजेलो लैब प्राइवेट लिमिटेड में हुआ, जहां केमिकल रिएक्टर में विस्फोट के बाद प्लांट के एक हिस्से में आग लग गई। इस घटना में दो कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग घायल हुए हैं।
रिएक्टर में विस्फोट के बाद मची अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 10:30 बजे हुई। उस समय प्लांट में नाइट शिफ्ट के कर्मचारी काम कर रहे थे। अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी और कुछ ही देर में यूनिट के एक हिस्से में आग फैल गई। धमाके के बाद कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। चौतुप्पल से एक फायर टेंडर के अलावा अन्य स्थानों से भी दमकल की गाड़ियां भेजी गईं। फायर टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दो कर्मचारियों की मौत, नौ घायल
हादसे में दो कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नौ अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो लोगों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है और उनके शरीर का 50 प्रतिशत से अधिक हिस्सा झुलसने की जानकारी सामने आई है।
मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें घटना की जांच में जुटी हैं।
धमाके की वजह अभी साफ नहीं
शुरुआती जानकारी के अनुसार, विस्फोट फार्मा यूनिट के केमिकल रिएक्टर में हुआ। हालांकि, रिएक्टर में धमाका किस वजह से हुआ, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित विभाग हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं।
फिलहाल प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और घटनास्थल को सुरक्षित करने की है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि विस्फोट के पीछे तकनीकी खराबी, दबाव बढ़ना या कोई अन्य कारण था।



