
Sonbhadra News:राबर्ट्सगंज से भाजपा विधायक भूपेश चौबे ने बुधवार को मुख्यमंत्री को 3 अलग-अलग पत्र देते हुए जनपद की प्रमुख समस्याओं और मांगों को उठाया।
विधायक ने पत्र में बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत डाला नगर पंचायत (पर्वतीय) वार्ड नं-2 व 3 में पिछले 50-55 वर्षों से 450 से 500 घर और लगभग 4 से 5 हजार की आबादी निवास करती है। यहां अधिकांश लोग अति पिछड़े, दलित और गरीब तबके के हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय अल्ट्राटेक कंपनी कानूनी दांवपेच के जरिए इन्हें हटाने का कूटरचित प्रयास कर रही है। जबकि उच्च न्यायालय के निर्देशों पर जिला प्रशासन द्वारा इतनी जमीन कंपनी को दी जा रही है।
विधायक ने CM से वार्ड नं-2 व 3 की मलिन बस्ती को उजाड़ने से बचाने की कृपा करने का अनुरोध किया।
दूसरे पत्र में विधायक ने कहा कि जनपद सोनभद्र पूर्व में नक्सल प्रभावित होने के कारण राबर्ट्सगंज 401 और दुद्धी 403 विधानसभा में मतदान का समय शाम 4 बजे तक ही निर्धारित है, जिससे मतदान प्रतिशत प्रभावित होता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में सोनभद्र नक्सल मुक्त जिला हो चुका है। इसलिए अन्य विधानसभाओं की तरह यहां भी मतदान का समय बढ़ाया जाए।
तीसरे पत्र में विधायक ने जिला मुख्यालय राबर्ट्सगंज का नाम बदलकर सोनभद्र करने की मांग की। उन्होंने कहा कि राबर्ट्सगंज नाम अंग्रेज शासक राबर्ट के नाम पर पड़ा है। इसे बदलने के लिए सामाजिक संगठन, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, युवाओं, छात्रों और देशभक्तों द्वारा लंबे समय से मांग की जा रही है।
इस दिशा में जिला प्रशासन द्वारा राबर्ट्सगंज का नाम सोनभद्र किए जाने का प्रस्ताव शासन को भेजा भी जा चुका है। विधायक ने CM से इस प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध किया।



