
Sonbhadra Crime News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में पुलिस ने गो-तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामिया बदमाश समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त पुलिस टीम के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान दो आरोपी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रायपुर, पन्नुगंज, कोतवाली रॉबर्ट्सगंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई की।
सूचना मिलते ही हुई घेराबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में गोवंशों को बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर रायपुर थाना क्षेत्र के सारसोत इलाके में बैरियर लगाकर वाहनों की जांच शुरू की गई।
बताया जा रहा है कि पुलिस को देखकर वाहन सवार तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो आरोपी घायल हो गए जबकि एक अन्य आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास यादव, मेराज कुरैशी और विजय प्रताप यादव उर्फ वकील यादव के रूप में हुई है। इनमें विकास यादव पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
बरामद हुआ हथियार और गोवंश
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:
- 6 गोवंश
- 2 अवैध तमंचे
- 2 जिंदा कारतूस
- 4 खोखा कारतूस
- एक पिकअप वाहन
बरामद किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित रूप से गोवंशों को बिहार ले जाकर बेचने की बात स्वीकार की है।
कई गंभीर मुकदमे हैं दर्ज
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी विकास यादव के खिलाफ गो-तस्करी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं मेराज कुरैशी के खिलाफ भी गोवध निवारण अधिनियम के तहत पूर्व में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सोनभद्र पुलिस का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्ट: संजय द्विवेदी, सोनभद्र



