अतीक और अशरफ के नाम पर विपक्ष वोटों का करा रहा ध्रुवीकरण : पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह

प्रयागराज। यूपी के 37 जिलों में कड़ी सुरक्षा के बीच गुरूवार को निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए वोटिंग जारी है। वहीं, इलाहाबाद पश्चिमी सीट से भाजपा के विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने गर्ल्स हाई स्कूल सेंटर पर मतदान किया। इस दौरान सिद्धार्थ नाथ सिंह ने विपक्षी दलों पर अतीक और अशरफ के नाम पर वोटों के ध्रुवीकरण का आरोप लगाया।

यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि निकाय चुनाव में समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दल अतीक और अशरफ के नाम पर जिस तरह से वोटों का ध्रुवीकरण करा रहे हैं वह पूरी तरह गलत है। अतीक अहमद माफिया व आपराधी था और उसने बड़ी संख्या में मुसलमानों का ही उत्पीड़न किया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा का हर कार्यकर्ता आज बजरंगबली और जय श्री राम का जयकारा लगाते हुए खुद वोट डाल रहा है और लोगों से भी अपील कर मतदान करा रहा है। यह बात लोगों को सोचनी चाहिए कि कांग्रेस पार्टी बजरंगबली का जयकारा लगाने पर रोक लगाना चाहती है।

बता दें कि पहले चरण के मतदान के तहत प्रदेश में नौ मंडलों के 37 जिलों में वोट डाले जा रहे हैं। वोटिंग सुबह सात बजे शुरू हुआ जो शाम छह बजे तक जारी रहेगा। इसमें 10 नगर निगमों में महापौर पद के लिये भी वोट ईवीएम के जरिये डाले जा रहे हैं। वहीं 104 नगर पालिका परिषद अध्यक्ष और 276 नगर पंचायत अध्यक्ष के अलावा 830 पार्षद,2776 नगर पालिका सदस्य और 3682 नगर पंचायत सदस्यों के लिये वोट बैलेट पेपर के जरिये संपन्न कराया जा रहा है। पहले चरण में दस पार्षद,एक जिला पंचायत और एक नगर पालिका अध्यक्ष और 73 सदस्य पहले ही निर्विरोध निर्वाचित किये जा चुके हैं। इस चरण में शामिल नौ मंडलों में सहारनपुर, मुरादाबाद, आगरा, झांसी, प्रयागराज, लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और देवी पाटन शामिल हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button