Smartphone Tips: आज के दौर में स्मार्टफोन सिर्फ कॉलिंग का साधन नहीं रह गया है। लोग फोन का इस्तेमाल फोटो खींचने, वीडियो देखने, गेम खेलने, ऑनलाइन पढ़ाई करने और ऑफिस के काम तक के लिए करते हैं। ऐसे में नया फोन खरीदते समय RAM और ROM जैसे शब्द सबसे ज्यादा सुनाई देते हैं। हालांकि कई लोग अब भी इन दोनों के बीच का अंतर ठीक से नहीं समझ पाते।
दरअसल, RAM और ROM दोनों ही फोन की महत्वपूर्ण मेमोरी हैं, लेकिन इनका काम पूरी तरह अलग होता है। यही वजह है कि किसी भी स्मार्टफोन की परफॉर्मेंस और स्टोरेज क्षमता इन दोनों पर निर्भर करती है।
क्या होती है RAM?
RAM का पूरा नाम Random Access Memory है। इसे फोन की अस्थायी या वर्किंग मेमोरी कहा जाता है। जब आप कोई ऐप खोलते हैं, गेम खेलते हैं या एक साथ कई एप्लिकेशन चलाते हैं, तब फोन उस समय का डेटा RAM में स्टोर करता है।
RAM जितनी ज्यादा होगी, फोन उतनी ही तेजी से मल्टीटास्किंग कर पाएगा। उदाहरण के लिए, 12GB RAM वाला फोन आमतौर पर 6GB RAM वाले फोन की तुलना में ज्यादा ऐप्स को बैकग्राउंड में आसानी से संभाल सकता है।
हालांकि RAM की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह Volatile Memory होती है। यानी इसे काम करने के लिए लगातार पावर की जरूरत होती है। जैसे ही फोन बंद होता है, RAM में मौजूद सारा अस्थायी डेटा मिट जाता है।
ROM का क्या काम है?
ROM को आमतौर पर फोन की इंटरनल स्टोरेज के रूप में समझा जाता है। इसी में आपकी फोटो, वीडियो, ऐप्स, डॉक्यूमेंट और अन्य फाइलें सेव रहती हैं।
ROM या स्टोरेज की खास बात यह है कि फोन बंद होने के बाद भी इसमें रखा डेटा सुरक्षित रहता है। अगली बार फोन ऑन करने पर आपकी सभी फाइलें पहले की तरह मौजूद मिलती हैं। इसलिए इसे Non-Volatile Memory कहा जाता है।
RAM ज्यादा होने का मतलब ज्यादा स्टोरेज नहीं
कई लोग मानते हैं कि ज्यादा RAM होने से फोन में ज्यादा फोटो या वीडियो सेव किए जा सकते हैं, लेकिन यह पूरी तरह गलत धारणा है। RAM फोन की स्पीड बढ़ाती है, जबकि ROM या स्टोरेज डेटा रखने के लिए जगह उपलब्ध कराती है।
फोन खरीदते समय क्या देखें?
यदि आप बेहतर परफॉर्मेंस चाहते हैं तो पर्याप्त RAM वाला फोन चुनें। वहीं ज्यादा फोटो, वीडियो और ऐप्स रखने के लिए अधिक स्टोरेज वाला मॉडल बेहतर रहेगा। इसलिए स्मार्टफोन खरीदते समय केवल RAM या केवल ROM पर ध्यान देने के बजाय दोनों के संतुलन को समझना जरूरी है। एक अच्छा फोन वही माना जाता है जिसमें तेज परफॉर्मेंस के साथ पर्याप्त स्टोरेज भी उपलब्ध हो।
written by Siddhi Srivastava