UP News : राजीव कृष्ण बने उत्तर प्रदेश के नए डीजीपी, सरकार ने जारी किया स्थायी नियुक्ति का आदेश

UP News : उत्तर प्रदेश सरकार ने 1991 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्ण को प्रदेश का नया डीजीपी नियुक्त किया है। कार्यवाहक डीजीपी के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे राजीव कृष्ण अब स्थायी रूप से यूपी पुलिस की कमान संभालेंगे।

UP News : उत्तर प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्ण को प्रदेश का नया पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया है। शासन की ओर से उनकी स्थायी नियुक्ति का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। राजीव कृष्ण इससे पहले कार्यवाहक डीजीपी के रूप में प्रदेश पुलिस की कमान संभाल रहे थे।

1991 बैच के आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्ण को पुलिस प्रशासन, विजिलेंस और भर्ती प्रक्रिया का लंबा अनुभव है। उन्होंने पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार के सेवानिवृत्त होने के बाद कार्यवाहक डीजीपी का कार्यभार संभाला था। अब उन्हें उत्तर प्रदेश पुलिस का स्थायी प्रमुख नियुक्त किया गया है।

राजीव कृष्ण इससे पहले डीजी विजिलेंस और उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड में अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। पुलिस विभाग में उन्हें एक अनुशासित, पेशेवर और परिणामोन्मुख अधिकारी के रूप में जाना जाता है। उनकी नियुक्ति को प्रदेश की कानून-व्यवस्था और पुलिस सुधारों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

गौतमबुद्ध नगर के निवासी राजीव कृष्ण ने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। तीन दशक से अधिक के अपने पुलिस सेवा करियर में उन्होंने प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों और इकाइयों में सेवाएं दी हैं।

आगरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के रूप में उनका कार्यकाल काफी चर्चित रहा। इस दौरान उन्होंने संगठित अपराध, अपहरण गिरोहों और अन्य आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर अपनी अलग पहचान बनाई थी। पुलिस मुख्यालय, विजिलेंस और भर्ती बोर्ड में उनके प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए सरकार ने उन्हें प्रदेश पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी सौंपी है।

राजीव कृष्ण की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब प्रदेश सरकार कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा पुलिस तंत्र में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ाने पर जोर दे रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button