
Prayagraj News-पंडरिया स्थित गीता ज्ञान एकेडमी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में बच्चों के लिए खेलकूद, निबंध लेखन और कला (ड्रॉइंग) प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक रमेश प्रसाद मिश्र ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया। उन्होंने दोनों महान विभूतियों को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया।
रमेश प्रसाद मिश्र ने कहा कि महात्मा गांधी ने देश को सत्य और अहिंसा का मार्ग दिखाया। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री ने ‘जय जवान, जय किसान’ का अमर मंत्र देकर देश को नई दिशा देने का कार्य किया।
उन्होंने प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की रचनात्मक गतिविधियों से बच्चों की प्रतिभा सामने आती है। साथ ही उनमें आत्मविश्वास और सामाजिक सौहार्द की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से ऐसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।
विद्यालय के संचालक विजय शंकर मिश्र समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं कार्यक्रम में मौजूद रहे। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और देशभक्ति का माहौल बना रहा।



