Pratapgarh News: पुलिस हिरासत में संदिग्ध मौत को लेकर सियासत तेज, सांसद ने लगाए रोकने के आरोप

Pratapgarh News: Political row intensifies over suspicious death in police custody; MP alleges obstruction.

Pratapgarh News:पट्टी विधानसभा क्षेत्र के मोलनापुर निवासी शैलेश गौतम उर्फ अर्जुन की पुलिस हिरासत में हुई संदिग्ध मृत्यु के मामले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी की ओर से घटना की जानकारी लेने के लिए प्रतिनिधिमंडल भेजे जाने की घोषणा के बीच सांसद डॉ. एस.पी. सिंह पटेल ने पुलिस पर उन्हें पीड़ित परिवार से मिलने जाने से रोकने का आरोप लगाया है।

सांसद के मुताबिक, वह शुक्रवार रात मोलनापुर जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करना चाहते थे। उनका कहना है कि रात करीब 10 बजे पुलिस उनके आवास पर पहुंची और उन्हें बाहर जाने से रोक दिया। सांसद ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी तरह का टकराव पैदा करना नहीं था, बल्कि पीड़ित परिवार का दुख साझा करना और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग करना था।

डॉ. पटेल ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में शामिल होना उनकी जिम्मेदारी है। ऐसे में पीड़ित परिवार तक पहुंचने से रोकने की कार्रवाई को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने पुलिस हिरासत में हुई संदिग्ध मौत की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की।

26 सितंबर को मोलनापुर जाएगा सपा प्रतिनिधिमंडल

समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की ओर से जारी पत्र के अनुसार, पार्टी का प्रतिनिधिमंडल 26 सितंबर को मोलनापुर पहुंचेगा। प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी जुटाएगा और अपनी रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपेगा।

इस घटनाक्रम के बाद पुलिस हिरासत में हुई शैलेश गौतम उर्फ अर्जुन की संदिग्ध मृत्यु का मामला राजनीतिक स्तर पर भी चर्चा में आ गया है।

उक्त जानकारी सांसद के मीडिया प्रभारी वकार अहमद ने दी।

Read Also-UP News: कहीं चूहे तो कहीं कॉकरोच! ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान में 6 शहरों के 24 होटल-रेस्त्रां पर बड़ा एक्शन

रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत

Show More

Related Articles

Back to top button