Pratapgarh News: आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 को लेकर आईजी अजय कुमार मिश्रा ने की समीक्षा, दिए सख्त निर्देश

Pratapgarh News: IG Ajay Kumar Mishra reviewed the constable recruitment exam-2025 and gave strict instructions.

Pratapgarh News:आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस लाइन स्थित सई कॉम्प्लेक्स में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) प्रयागराज परिक्षेत्र श्री अजय कुमार मिश्रा ने की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर सहित जनपद के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में बताया गया कि जनपद प्रतापगढ़ में 8 जून से 10 जून तक आयोजित होने वाली भर्ती परीक्षा के लिए कुल 17 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी, जिसमें प्रत्येक पाली में 5,808 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

आईजी अजय कुमार मिश्रा ने परीक्षा केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू करने, उड़नदस्तों को सक्रिय रखने तथा परीक्षा की गोपनीयता भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों, पीआरवी-112 ए अभिसूचना इकाई को पूर्ण सतर्कता बरतने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।

उन्होंने यातायात विभाग को निर्देशित किया कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा केंद्रों के आसपास जाम की स्थिति न बनने पाए। साथ ही ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों के प्रति संवेदनशील और सजग रहने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने भरोसा दिलाया कि पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम परीक्षा को सकुशल, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Read Also-Pratapgarh News: पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार मिश्रा का प्रतापगढ़ आगमन, सई कॉम्प्लेक्स में दी गई गार्ड ऑफ ऑनर

रिपोर्ट : उमेश पाण्डेय
जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत

Show More

Related Articles

Back to top button