
Pratapgarh News:सौरभ विश्वकर्मा हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार के पुनर्वास और आर्थिक सहयोग की दिशा में प्रशासन एवं समाजवादी पार्टी की ओर से सहायता दी गई। मंगलवार को जिलाधिकारी की ओर से मृतक की पत्नी आंचल विश्वकर्मा को खेती-बाड़ी के लिए करीब डेढ़ बीघा जमीन का पट्टा दिया गया। संबंधित खतौनी विश्वनाथगंज विधायक जीत लाल पटेल की मौजूदगी में आंचल विश्वकर्मा को सौंपी गई।
प्रशासन ने खेती के लिए उपलब्ध कराई जमीन
कार्यक्रम के दौरान विधायक जीत लाल पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। परिवार की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आगे भी हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
जमीन का पट्टा मिलने से परिवार को खेती के माध्यम से आजीविका चलाने में मदद मिलने की उम्मीद जताई गई है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया।
सपा प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा 2.05 लाख रुपये का चेक
इससे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर 13 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व रानीगंज विधायक और विधानसभा में सपा के उप मुख्य सचेतक डॉ. आरके वर्मा ने किया। प्रतिनिधिमंडल में कौशांबी सांसद पुष्पेंद्र सरोज समेत कई पार्टी नेता शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल को प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था संबंधी प्रतिबंधों का हवाला देते हुए रोके जाने की बात सामने आई। बाद में प्रशासन और सपा नेताओं के बीच सहमति बनने के बाद प्रतिनिधिमंडल की पीड़ित परिवार से मुलाकात कराई गई।
मुलाकात के दौरान डॉ. आरके वर्मा के नेतृत्व में सपा प्रतिनिधिमंडल ने अखिलेश यादव की ओर से 2 लाख 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का चेक परिवार को सौंपा। डॉ. वर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ हर सुख-दुख में खड़ी रहेगी और न्याय की लड़ाई में हरसंभव सहयोग करेगी।
कई सपा नेता रहे मौजूद
इस दौरान पूर्व विधायक मुन्ना यादव, अब्दुल कादिर जिलानी, सांसद प्रतिनिधि लालजी वर्मा, सपा जिला उपाध्यक्ष मो. वासिक खान एडवोकेट, रमेश यादव, जयसिंह यादव समेत कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पीड़ित परिवार को एक ओर प्रशासन की ओर से खेती के लिए जमीन उपलब्ध कराई गई, वहीं सपा की ओर से आर्थिक सहायता दी गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों पहलें परिवार के पुनर्वास और आर्थिक सहारे की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
Read Also-UP News: स्कूली वाहन चालकों का हुआ नेत्र और स्वास्थ्य परीक्षण
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत



