
Uttar Pradesh Politics: डॉ. नीरज त्रिपाठी के नेतृत्व में आज स्मार्ट प्रीपेड मीटर व्यवस्था के विरोध में कांग्रेस कार्यालय से पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट प्रतापगढ़ पहुंचकर नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम बिजली उपभोक्ताओं ने सहभागिता की।

इस दौरान महामहिम राज्यपाल महोदया, उत्तर प्रदेश शासन को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी प्रतापगढ़ के माध्यम से सौंपा गया। ज्ञापन में विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 47(5) का उल्लंघन करते हुए जबरन स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जाने का विरोध दर्ज कराया गया तथा इस योजना को पूर्णतः समाप्त करने की मांग की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर व्यवस्था प्रदेश की आम जनता पर जबरन थोपी जा रही है, जो उपभोक्ताओं के अधिकारों का हनन है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को प्रीपेड और पोस्टपेड मीटर के बीच चयन का अधिकार होना चाहिए, लेकिन सरकार और विद्युत विभाग इस अधिकार की अनदेखी कर रहे हैं।
कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम शंकर द्विवेदी व जिला उपाध्यक्ष विजय शंकर त्रिपाठी ने कहा कि बिना सहमति के लाखों उपभोक्ताओं के मीटर बदले जा रहे हैं और प्रीपेड प्रणाली थोपने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे आम जनता में भारी आक्रोश है। कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी निर्णय का पुरजोर विरोध करती है और जब तक यह योजना वापस नहीं ली जाती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से स्मार्ट प्रीपेड मीटर योजना को समाप्त करने, जबरन लगाए गए मीटरों को हटाने, पारंपरिक/पोस्टपेड मीटर पुनः स्थापित करने तथा गठित तकनीकी समिति की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की गई। कार्यक्रम के अंत में नगर अध्यक्ष मो. इस्तियाक ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सरकार द्वारा इस विषय पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो कांग्रेस पार्टी एवं आम जनता मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन करने को बाध्य होंगे।
Also Read: सोनभद्र। सीमेन्ट कम्पनी द्वारा कचरा जलाने से उठ रही दुर्गंध को लेकर वन मंत्री को सौंपा ज्ञापन
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष वेदांत तिवारी, कांग्रेस सेवादल के जिला अध्यक्ष महेंद्र शुक्ला, जिला प्रवक्ता सुरेश कुमार मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष प्रशांत सिंह प्रिंशु, मनरेगा प्रभारी रवि भूषण सिन्हा, जिला महासचिव चंद्रनाथ शुक्ला, जिला सचिव प्रदीप द्विवेदी, जिला सचिव विजय प्रताप त्रिपाठी, जिला सचिव केके शुक्ला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उक्त आशय की जानकारी वेदांत तिवारी, कोषाध्यक्ष/कार्यालय सचिव, जिला कांग्रेस कमेटी प्रतापगढ़ ने दी।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाईटेड भारत



