Pilibhit News : 11 साल की प्रताड़ना का खौफनाक अंत!, विवाहिता को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का आरोप

Pilibhit News : पीलीभीत के बरखेड़ा क्षेत्र में विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष पर वर्षों तक प्रताड़ना देने तथा पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने के प्रयास का आरोप लगाया है। पुलिस से एफआईआर और मेडिकल जांच की मांग की गई है।

Pilibhit News : जनपद के बरखेड़ा क्षेत्र से एक विवाहिता के साथ कथित रूप से हुई क्रूरता और जानलेवा हमले का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। विवाहिता ने अपने पति सहित ससुराल पक्ष के कई लोगों पर वर्षों से मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करने, बेरहमी से मारपीट करने तथा पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि घटना में उसका चेहरा, कान और गर्दन गंभीर रूप से झुलस गए। मामले को लेकर थाना बरखेड़ा में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने और मेडिकल परीक्षण कराने की मांग की गई है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार ग्राम बरगदा निवासी ममता देवी का विवाह करीब 11 वर्ष पूर्व जनपद शाहजहांपुर के थाना बंडा क्षेत्र स्थित ग्राम कल्यानपुर भारती निवासी राजीव कुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति, ससुर, सास, देवर, देवरानी तथा अन्य रिश्तेदार उसे छोटी-छोटी बातों पर प्रताड़ित करने लगे। आए दिन गाली-गलौज, मारपीट और घर से निकाल देने जैसी घटनाएं होती रहीं।

पीड़िता का कहना है कि कई बार मायके पक्ष और रिश्तेदारों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन कुछ समय बाद फिर से उत्पीड़न शुरू हो जाता था। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग अक्सर उसे धमकी देते थे कि उसे घर में नहीं रहने देंगे और मौका मिलने पर जान से मार देंगे।

पीड़िता ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि 18 जुलाई 2026 को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सभी आरोपी एक राय होकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने लगे।

मारपीट में उसके सिर पर गंभीर खुली चोट आई। इसके बाद आरोप है कि आरोपियों ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे उसके चेहरे के दाहिने हिस्से, कान और गर्दन तक गंभीर रूप से झुलस गए। पीड़िता का यह भी आरोप है कि घटना के बाद उसके मायके वालों को कोई सूचना नहीं दी गई और उसे आरोपियों ने अपने कब्जे में ही रखा।

तहरीर के अनुसार मंगलवार को दोपहर करीब एक बजे आरोपी उसे उसके मायके ग्राम बरगदा के बाहर गांव के किनारे छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी और थाना बरखेड़ा पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।

पीड़िता ने पति राजीव कुमार, देवर संजीव कुमार, भूरे, छोटे, चचिया ससुर राजपाल, उनकी पत्नी, देवरानी, ससुर रामनरेश तथा सास राजरानी सहित सभी नामजद आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई, मेडिकल परीक्षण तथा सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग की है। साथ ही उसने आरोपियों से अपनी जान को गंभीर खतरा बताते हुए सुरक्षा की भी गुहार लगाई है।

मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से एफआईआर दर्ज होने अथवा जांच पूरी होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।

Show More

Related Articles

Back to top button