
Amethi News-उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने एक राजस्व निरीक्षक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी राजस्व निरीक्षक की पहचान संतराम के रूप में हुई है। उसे विकासखंड बाजार शुकुल क्षेत्र के एक होटल से गिरफ्तार किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, एक किसान ने राजस्व निरीक्षक पर पत्थर नसब कराने के बदले 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। किसान का कहना था कि संबंधित कार्य कराने के लिए उससे लगातार पैसों की मांग की जा रही थी।
इसके बाद रिश्वत देने और लेने के लिए बाजार शुकुल स्थित एक होटल में मिलने की बात तय हुई। इसी दौरान एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और राजस्व निरीक्षक संतराम को कथित तौर पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी राजस्व निरीक्षक को अपने साथ ले गई। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में भी हलचल देखी जा रही है।



