
Moradabad News- पीतलनगरी मुरादाबाद में धनतेरस पर 1000 करोड़ की धनवर्षा हुई। जिले के प्रमुख बाजार देर रात तक गुलजार रहे। सराफा, बर्तन बाजार, इलेक्ट्रानिक्स और आटोमोबाइल में सबसे ज्यादा रौनक दिखाई दी। मुरादाबाद में धनतेरस पर कारोबारियों ने करीब 1,000 करोड़ रुपये के कारोबार अनुमान लगाया है। आज सुबह से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि मानो महंगाई का असर खत्म हो गया हो।
शनिवार को नरक चतुर्दशी और रविवार को दीपावली का त्यौहार धूमधाम से मनाया जाएगा। इसको लेकर शुक्रवार को सुबह से बाजारों में खरीदारी को लेकर भीड़ उमड़ी रही है। महागनर के मंडी चौक, सर्राफा बाजार गंज बाजार, टाउनहॉल, जीएमडी रोड, अमरोहा गेट, बुध बाजार, लाइनपार, बुद्धि विहार, हरथला, नवीन नगर, लाइनपार में जमकर खरीददारी हुई।
लोगों ने सोना-चांदी की ज्वैलरी, कार, बाइक, स्कूटी, स्मार्ट टीवी, बर्तन और फर्नीचर की जमकर खरीदारी की। मुरादाबाद में ऑटोमोबाइल शोरूम संचालकों के अनुसार 5800 से अधिक दो पहिया और चार पहिया वाहन के साथ ई-वाहनों की बिक्री हुई। सराफा व्यापारियों का कहना है कि इस बार सोने-चांदी से बने हाथी, गणेश-लक्ष्मी, सिक्के व गहनों का अच्छा कारोबार हुआ। इसमें चांदी के गहने और सिक्कों की मांग अधिक रही। सराफा बाजार में करीब 255 करोड़ का कारोबार हुआ। गिफ्ट आइटम, मिठाई, मेवा भी 125 करोड़ रुपये से अधिक बिके। बर्तन बाजार में खासी रौनक देखने को मिली।
संयुक्त व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश महामंत्री विपिन गुप्ता का कहना है कि धनतेरस पर जिले में बर्तन, सर्राफा, आटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, गिफ्ट आईटम, मिठाई आदि सभी क्षेत्रों मे 1000 करोड़ से अधिक की खरीदारी हुई।
ऑटोमोबाइल सेक्टर निखरा, 5800 से अधिक वाहन बिके :ऑटोमोबाइल सेक्टर पर जमकर धनवर्षा हुई। दिल्ली रोड, कांठ रोड समेत अन्य जगहों पर स्थित शोरुमों में करीब 1850 कारों की बिक्री हुई। इसके अलावा 4000 से अधिक बाइकें बिकीं। ई-रिक्शा, ई-ऑटो, ई-बाइक भी खूब बिकीं। परिवहन विभाग के अनुसार 400 से अधिक चार पहिया वाहनों का टैक्स काटा जा चुका है। अभी सैकड़ों गाड़ियों का बाकी है।
बर्तन बाजार भी खूब चमका:शहर के बर्तन बाजार में ग्राहकों की भीड़ लगी रही। शगुन के व्यापारियों का कहना है कि उनके यहां सुबह से ही ग्राहकों की तौर पर लोगों ने थाली, कटोरी, गिलास की खरीदारी की। बर्तन भीड़ लगी रही। पांच बर्तन का सेट लोगों को सबसे अधिक पसंद आया। इसमें थाली, दो कटोरी, चम्मच और गिलास शामिल हैं। स्टील के बर्तन का सेट 850 से 1350 रुपये तक बिका है। लोगों ने पीतल, तांबे के बर्तन भी खरीदे।
विद्युत झालरों की अच्छी बिक्री हुई :बुधबाजार, बर्तन बाजार के अलावा अलग-अलग फुटकर बाजारों में लगी दुकानों में विद्युत झालरों की अच्छी बिक्री हुई। दिवाली पर इस बार बाजार में नए झालरें ने ग्राहकों को खूब लुभाया। अलग-अलग स्टाइल के रंग-बिरंगी घंटी, गणेश-लक्ष्मी और दीपक खूब बिके। संयुक्त व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री विपिन गुप्ता ने बताया कि गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां, वस्त्र, खिलौना समेत अन्य दिवाली के सामान की देर रात तक बिक्री हुई है।
सबसे अधिक खरीदारी चांदी के सिक्को की रही : सराफा बाजार में देवी लक्ष्मी की मूर्तियों की मांग ज्यादा रही। दुकानों से लेकर शोरूम तक ग्राहकों की भीड़ लगी रही। ग्राहकों ने सबसे अधिक खरीदारी चांदी के सिक्कों की। वहीं चांदी की गणेश और लक्ष्मी की मूर्तियों को भी लोगों ने खरीदा। परंपरागत रूप से गहनों की भी अच्छी खरीदारी रही। सराफा बाजार के अलावा गंज बाजार, लाइनपार में भी लोगों ने चांदी के गहनों की खूब खरीदारी की।
Read Also-Prayagraj News- श्री रामानंद ट्रस्ट की याचिका पर सुनवाई, निष्पादन कार्यवाही पर रोक



