
Indian Hockey Team: हॉकी प्रेमियों के लिए अगले 10 दिन रोमांच से भरे रहने वाले हैं। मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 से भारत की मेजबानी में मेंस हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आगाज हो रहा है। टूर्नामेंट का नौवां संस्करण पंजाब के जालंधर और मोहाली में आयोजित किया जा रहा है। भारत इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का गत चैंपियन (Defending Champion) है और सबसे ज्यादा 5 बार यह खिताब अपने नाम कर चुका है। टीम इंडिया 27 अक्टूबर को अपने पहले मुकाबले में बांग्लादेश के खिलाफ अभियान की शुरुआत करेगी।
पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर, बांग्लादेश को मिला मौका
राजनीतिक तनाव के चलते पाकिस्तान की टीम इस बार टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले रही है। पाकिस्तान हॉकी महासंघ ने अपने मैच न्यूट्रल वेन्यू पर आयोजित कराने की मांग की थी, जिसे मेजबान देश भारत ने साफ तौर पर खारिज कर दिया था। इसके बाद पाकिस्तान के हटने पर बांग्लादेश को 6 टीमों के इस टूर्नामेंट में शामिल किया गया है। टूर्नामेंट में भारत और बांग्लादेश के अलावा चीन, जापान, मलेशिया और दक्षिण कोरिया भाग ले रहे हैं।
जालंधर में ग्रुप स्टेज, मोहाली में होगा खिताबी मुकाबला
टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज के सभी मैच जालंधर स्थित सुरजीत हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे, जबकि 4 नवंबर को खेला जाने वाला खिताबी फाइनल मुकाबला मोहाली इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में आयोजित होगा। भारत के दूसरे मैच में 29 अक्टूबर को उसका सामना चीन से होगा, जिसे भारत ने पिछले संस्करण के फाइनल में हराया था। इसके बाद टीम इंडिया जापान, मलेशिया और दक्षिण कोरिया से भिड़ेगी।
हरमनप्रीत सिंह के हाथों में कमान
अनुभवी डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह के नेतृत्व में उतरी भारतीय टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का बेहतरीन संतुलन है। मिडफील्ड में मनप्रीत सिंह और हार्दिक सिंह की जोड़ी कमान संभालेगी, वहीं फॉरवर्ड लाइन में मनदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह और सुखजीत सिंह पर गोल दागने की जिम्मेदारी होगी।
written by Siddhi Srivastava



