Media & Journalism: हिंदी पत्रकारिता दिवस पर संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह सम्पन्न, उत्कृष्ट पत्रकारों को किया गया सम्मानित

प्रतापगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में डीएम अभिषेक पांडेय ने कहा— आलोचनात्मक खबरें प्रशासन के लिए मार्गदर्शक होती हैं, निर्भीक पत्रकारिता की है जरूरत।

Media & Journalism: हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर प्रेस क्लब प्रतापगढ़ के तत्वावधान में कलेक्ट्रेट सभागार में संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय रहे। संगोष्ठी का संचालन वरिष्ठ पत्रकार हरिलाल विश्वकर्मा ने किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में निर्भीक और तथ्यपरक पत्रकारिता की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में प्रकाशित होने वाली खबरें वास्तविक तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए तथा उनका शीर्षक ऐसा होना चाहिए जो पाठकों को खबर पढ़ने के लिए प्रेरित करे।

डीएम अभिषेक पांडेय ने कहा, “मैं आलोचना की खबरों को विशेष ध्यान से पढ़ता हूं। इससे हमें यह समझने और मार्गदर्शन पाने में मदद मिलती है कि किन क्षेत्रों में अधिक सुधार और ध्यान देने की आवश्यकता है।” इस दौरान उन्होंने अपने कुछ संस्मरण भी साझा किए।

संगोष्ठी में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने हिंदी पत्रकारिता के इतिहास, उसकी चुनौतियों और सामाजिक सरोकारों पर विस्तृत विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने पत्रकारों से समाज हित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।

प्रेस क्लब प्रतापगढ़ के अध्यक्ष पंकज दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदी पत्रकारिता को मजबूत बनाने के लिए पत्रकारों को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने पत्रकारों की एकता, निष्पक्षता और स्वतंत्रता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

इस अवसर पर पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार शिव शंकर तिवारी ‘सोहगौरा’, डॉ. सूर्य भान गुप्ता तथा मोहम्मद इश्तियाक को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जगत बहादुर सिंह, मोहम्मद शरीफ खान, मोहम्मद इश्तियाक, दीपेंद्र तिवारी, आशिफ सिद्दीकी, मनोज तिवारी, जयसिंह बहादुर सिंह, सत्येंद्र प्रताप सिंह, अभिषेक मिश्रा ‘आशु’, विजय शंकर दुबे, मुकेश दुबे, राजकुमार मिश्रा, ओम प्रकाश सिंह ‘फौजी’, डॉ. जे.एन. बरनवाल, मोहम्मद सईद, राकेश मिश्रा, नवीन श्रीवास्तव, राजेश शर्मा, मंजीत गौतम, देवेंद्र नारायण मिश्रा, शिवशंकर तिवारी ‘सोहगौरा’, पंकज द्विवेदी, शैलेंद्र सिंह, अंशुमान सिंह, प्रदीप मिश्रा, राजकिशोर त्रिपाठी एडवोकेट, आदित्य मिश्रा (अवध की दुनिया), शुजातउल्ला एडवोकेट, अजय यादव, रईस अहमद, संजय सिंह, बीरू सिंह, शिवमणि तिवारी, आशीष गौतम और शैलेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में हिंदी पत्रकारिता की परंपरा को मजबूत बनाने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया गया।

रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत

Show More

Related Articles

Back to top button