Marco Rubio : “हर देश में बेवकूफ़ लोग होते हैं”, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियों ने क्यों की ये बात

Marco Rubio : दिल्ली में विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भारतीयों पर नस्लभेदी टिप्पणियों को लेकर बड़ा बयान दिया। H-1B वीज़ा, इमिग्रेशन और भारत-US संबंधों पर भी खुलकर बोले।

Marco Rubio : नई दिल्ली में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री Marco Rubio ने भारतीयों के खिलाफ कथित नस्लभेदी टिप्पणियों को लेकर पूछे गए सवाल पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि “हर देश में बेवकूफ़ लोग होते हैं” और सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों को पूरे देश की सोच नहीं माना जा सकता।

रूबियो रविवार को भारतीय विदेश मंत्री S. Jaishankar के साथ मीडिया को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान एक पत्रकार ने अमेरिका में भारतीयों के खिलाफ नस्लभेदी टिप्पणियों और हाल में वायरल हुए सोशल मीडिया पोस्ट का मुद्दा उठाया।

“US में भी बेवकूफ़ लोग हैं”

सवाल के जवाब में रूबियो ने कहा, “दुनिया के हर देश में कुछ बेवकूफ़ लोग होते हैं। मुझे यक़ीन है कि भारत में भी हैं और अमेरिका में भी ऐसे लोग हैं जो हर समय बेवकूफ़ी भरी बातें करते रहते हैं।”

हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump द्वारा एक सोशल मीडिया पोस्ट शेयर किए जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया था। उस पोस्ट में भारत को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की गई थी। हालांकि बाद में ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत की तारीफ करते हुए सफाई भी दी थी।

“अमेरिका बेहद मेहमाननवाज़ देश”

रूबियो ने भारतीय समुदाय की तारीफ करते हुए कहा कि अमेरिका उन प्रवासियों की वजह से मजबूत बना है जो दुनिया भर से वहां आए और देश की अर्थव्यवस्था व समाज में योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था में 20 अरब डॉलर से अधिक का योगदान दिया है। हम चाहते हैं कि यह साझेदारी और मजबूत हो।”

H-1B वीज़ा और इमिग्रेशन नीति पर क्या बोले रूबियो?

H-1B, F1 और J1 वीज़ा नियमों में बदलाव को लेकर उठे सवालों पर रूबियो ने कहा कि अमेरिका अपनी इमिग्रेशन व्यवस्था का आधुनिकीकरण कर रहा है और यह प्रक्रिया सिर्फ भारत के लिए नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए लागू की जा रही है।

उन्होंने कहा, “यह कहना गलत होगा कि हमारी नई इमिग्रेशन नीति भारत को निशाना बना रही है। हम एक बेहतर और व्यवस्थित सिस्टम की ओर बढ़ रहे हैं।”

रूबियो ने दावा किया कि पिछले कुछ वर्षों में अमेरिका को बड़े पैमाने पर अवैध प्रवास की समस्या का सामना करना पड़ा है और इसी वजह से इमिग्रेशन नीतियों की समीक्षा की जा रही है।

भारत-US रणनीतिक साझेदारी पर जोर

भारत में अमेरिका के राजदूत Sergio Gor ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि भारत और अमेरिका के रिश्ते बेहद महत्वपूर्ण हैं और दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है।

इससे पहले रूबियो ने नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में जयशंकर के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी की। दोनों नेताओं ने रक्षा, व्यापार, टेक्नोलॉजी और वैश्विक सुरक्षा समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।

Show More

Related Articles

Back to top button