West Bengal News: महुआ मोइत्रा पर अंडे-बैंगन फेंके जाने पर भड़के अभिषेक बनर्जी, बोले- क्या यही परिवर्तन है?

नदिया में टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा के कार्यक्रम के दौरान हुए विरोध के बाद सियासत गरमा गई। अभिषेक बनर्जी ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए, जबकि बीजेपी ने आरोपों से इनकार किया।

West Bengal News: पश्चिम बंगाल की राजनीति में टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा पर कथित तौर पर अंडे और बैंगन फेंके जाने की घटना को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। 1 जुलाई को नदिया जिले में हुए इस घटनाक्रम के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने बीजेपी पर राजनीतिक हिंसा का आरोप लगाया, जबकि बीजेपी ने इन आरोपों को खारिज कर दिया।

अभिषेक बनर्जी ने क्या कहा?

टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि हाईकोर्ट द्वारा डीजीपी को सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाने के बावजूद पुलिस की चुप्पी गंभीर सवाल खड़े करती है।

उन्होंने लिखा, “क्या यही परिवर्तन (Poribartan) का मतलब है?”

अभिषेक ने कहा कि किसी निर्वाचित जनप्रतिनिधि को सिर्फ इसलिए अपमानित करना क्योंकि वह झुकने से इनकार करती है, ताकत नहीं बल्कि “डर और कायरता” का प्रमाण है। उन्होंने यह भी कहा कि सत्ता हमेशा स्थायी नहीं रहती और हर दुरुपयोग का हिसाब इतिहास रखता है।

महुआ मोइत्रा ने क्या आरोप लगाए?

महुआ मोइत्रा ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी समर्थक करीब दो घंटे तक उनके कार्यक्रम के बाहर विरोध प्रदर्शन करते रहे। उन्होंने दावा किया कि पुलिस मूकदर्शक बनी रही और भीड़ को नहीं हटाया। महुआ के मुताबिक प्रदर्शनकारी उनकी गाड़ी पर अंडे या पत्थर फेंकने की कोशिश कर रहे थे।

टीएमसी का बीजेपी पर हमला

टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद ने भी बीजेपी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी कार्यकर्ता अंडे फेंक रहे हैं और राज्य में राजनीतिक माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं लोकतंत्र के लिए ठीक संकेत नहीं हैं।

बीजेपी ने क्या दिया जवाब?

वहीं बीजेपी विधायक शंकर सिकदर ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बीजेपी जानबूझकर ऐसी घटनाओं में शामिल नहीं होती। उन्होंने दावा किया कि यह जनता की स्वाभाविक नाराजगी है। सिकदर ने कहा कि अगर पहले विपक्षी नेताओं पर हुए हमलों पर सवाल उठाए गए होते, तो आज ऐसी स्थिति नहीं बनती।

West Bengal News: सुवेंदु अधिकारी ने राज्यपाल आर.एन. रवि से की मुलाकात, बंगाल में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज

क्यों बढ़ा राजनीतिक विवाद?

महुआ मोइत्रा पर कथित हमले की घटना ऐसे समय सामने आई है, जब पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद लगातार टीएमसी नेताओं के विरोध की घटनाएं सुर्खियों में हैं। इसे लेकर बीजेपी और टीएमसी एक-दूसरे पर लगातार आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। ऐसे में यह मामला अब केवल एक विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि बंगाल की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों का बड़ा मुद्दा बन गया है।

Written By: Ekta Verma

Show More

Related Articles

Back to top button