Kingston City News-‘ग्लोबल साउथ’ से रिश्ते मजबूत करने के लिए जयशंकर का जमैका दौरा

Kingston City News-डॉ. एस. जयशंकर ने अपने कैरेबियाई दौरे के तहत जमैका की पहली आधिकारिक यात्रा शुरू की है। 2 से 10 मई तक चलने वाले इस तीन देशों के दौरे का उद्देश्य ‘ग्लोबल साउथ’ के देशों के साथ भारत के संबंधों को और मजबूत बनाना है।

इस दौरान जयशंकर ने जमैका की विदेश मंत्री कामिना जे. स्मिथ से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच बुनियादी ढांचे, डिजिटल तकनीक, स्वास्थ्य, अक्षय ऊर्जा और मानव विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा हुई।

जयशंकर ने सबीना पार्क स्टेडियम के लिए भारत की ओर से एक इलेक्ट्रॉनिक स्कोरबोर्ड भेंट किया, जिसका अनावरण उन्होंने जमैका के प्रधानमंत्री एंड्रयू होल्नेस के साथ किया। इस मौके पर उन्होंने क्रिकेट को दोनों देशों के बीच दोस्ती का प्रतीक बताया।

विदेश मंत्री ने ओल्ड हार्बर का भी दौरा किया, जहां करीब 180 वर्ष पहले भारतीय मूल के ‘गिरमिटिया’ समुदाय के लोग पहुंचे थे। उन्होंने भारतीय प्रवासियों से मुलाकात कर उनकी संस्कृति और परंपराओं को सराहा।

सोशल मीडिया मंच X पर जयशंकर ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि जमैका में उनका गर्मजोशी से स्वागत हुआ और वह यहां के नेतृत्व, व्यापारिक समुदाय और भारतीय प्रवासियों से बातचीत को लेकर उत्साहित हैं।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा जमैका के साथ-साथ सूरीनाम और त्रिनिदाद और टोबैगो के साथ भारत के दीर्घकालिक मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह ‘दक्षिण-दक्षिण सहयोग’ के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

(रिपोर्ट: शाश्वत तिवारी)

Show More

Related Articles

Back to top button