JPSC STUDENTS-जेपीएससी छात्रों ने शहादत दिवस पर निकाला मार्च

JPSC students took out a march on Martyrs' Day.

JPSC STUDENTS-जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितता और धांधली के खिलाफ जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्र अभ्यर्थियों का आंदोलन शनिवार को 14वें दिन जबकि चार अभ्यर्थियों का आमरण अनशन पांचवें दिन भी जारी रहा। इसी बीच देर शाम जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच की ओर से शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस पर छात्र मार्च निकाला गया।

जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू हुआ मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए फिरायालाल चौक तक पहुंचा। जहां मार्च में बड़ी संख्या में जुटे छात्रों ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए। हाथों में तख्तियां और मांगों से जुड़े पोस्टर लेकर छात्रों ने परीक्षा व्यवस्था में सुधार और कथित अनियमितताओं की जांच की मांग उठाई।

छात्रों ने इस दौरान परीक्षा काे ‘रद्द, जांच और रिफॉर्म’ का नारा बुलंद किया। आंदोलनकारी छात्रों ने कहा कि उनकी तीन प्रमुख मांगों में संबंधित परीक्षाओं को रद्द करना, कथित धांधली की निष्पक्ष जांच और परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार लागू करना शामिल है।

छात्र नेता कुणाल सिंह सहित अन्य छात्र अभ्यर्थियों ने कहा कि अनशन पर बैठे राहुल कुमार की तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है, इसके बावजूद उन्होंने अनशन समाप्त नहीं किया है।

उन्होंने कहा कि सरकार को उनकी मांगों पर तत्काल निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने आगामी 10 अगस्त 2026 को विधानसभा घेराव का भी ऐलान किया है। आंदोलनकारियों ने दावा किया कि इसमें राज्यभर से बड़ी संख्या में छात्र राजधानी पहुंचेंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं और अभ्यर्थी मौजूद थे।

Read Also-UP Politics : ‘योगी-अखिलेश-मायावती, किरदार तीन और कुर्सी एक’, जुबानी जंग ने बढ़ाई तपिश

Show More

Related Articles

Back to top button