
Breaking International News: मिडिल ईस्ट में तनाव और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष के चलते वैश्विक स्तर पर तेल और गैस की कीमतों में भारी उछाल देखा जा रहा है। इसी बीच दक्षिण-पूर्व एशिया के मुस्लिम बहुल देश इंडोनेशिया से एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है।
इटली की ऊर्जा कंपनी एनी (Eni) ने इंडोनेशिया के तट के पास पूर्वी कालिमंतन क्षेत्र में प्राकृतिक गैस का एक विशाल भंडार खोजा है। शुरुआती आकलन के मुताबिक यहां करीब 5 ट्रिलियन क्यूबिक फीट गैस और बड़ी मात्रा में कंडेनसेट मौजूद है, जो एक तरह का तरल हाइड्रोकार्बन होता है।
इस खोज को बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि इससे इंडोनेशिया का गैस उत्पादन आने वाले वर्षों में कई गुना बढ़ सकता है। फिलहाल देश पहले से ही अपनी घरेलू खपत से अधिक गैस उत्पादन करता है, लेकिन बढ़ती मांग के चलते यह खोज और भी महत्वपूर्ण हो गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, इस नए भंडार से 2028 तक उत्पादन तीन गुना तक बढ़ सकता है। साथ ही कंडेनसेट उत्पादन में भी भारी वृद्धि की संभावना है, जिससे तेल आयात पर निर्भरता कम होगी।
Also Read: Entertainment Updates: पलक तिवारी का ग्लैमरस अवतार! रेड फेदर मिनी ड्रेस में ढाया कहर
विशेषज्ञों का मानना है कि यह खोज न केवल इंडोनेशिया की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करेगी, बल्कि वैश्विक ऊर्जा बाजार में भी संतुलन लाने में मदद कर सकती है, खासकर ऐसे समय में जब दुनिया तेल और गैस की किल्लत और कीमतों में उतार-चढ़ाव से जूझ रही है।
Written By: Kalpana Pandey



