
प्रतापगढ़।आगामी होमगार्ड्स इनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 23 अप्रैल 2026 को शिवसहाय अवस्थी, जिलाधिकारी प्रतापगढ़ और दीपक भूकर, पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ ने संयुक्त रूप से थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में स्थित केपी हिन्दू इंटर मीडिएट कॉलेज परीक्षा केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर तैनात सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी पर लगे पुलिस कर्मियों की तैनाती का बारीकी से अवलोकन किया। सुरक्षा कर्मियों को अपने दायित्वों का सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों ने परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी शिवसहाय अवस्थी ने केंद्र व्यवस्थापक को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं। उन्होंने परीक्षा कक्षों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की भी जांच की। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
वहीं पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने परीक्षा केंद्र के प्रवेश और निकास द्वारों पर सख्त चेकिंग और फ्रिस्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि किसी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और परीक्षा सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
Also Read: नई दिल्ली। जयशंकर ने भारत-अफ्रीका फोरम समिट का लोगो लॉन्च किया
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनुचित साधनों के प्रयोग की सूचना मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, पुलिस प्रशासन के राजपत्रित अधिकारी और परीक्षा केंद्र के पर्यवेक्षक भी मौजूद रहे।
(रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता)



