
Weather Update- जिले में आगामी ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए निर्बाध और सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को सर्किट हाउस सभागार में एक महत्वपूर्ण ‘मार्गदर्शक बैठक आयोजित की गई। बैठक की सह-अध्यक्षता फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल और भदोही सांसद विनोद कुमार बिंद ने की। इसमें विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों, जनप्रतिनिधियों, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह तथा पूर्वांचल विद्युत निगम के अधिकारियों ने भाग लिया।
Weather Update- HATHRAS-WATER-PROTESTS-भीषण गर्मी में सादाबाद कस्बे के कई इलाकों की जलापूर्ति ठप, महिलाओं ने किया प्रदर्शन
बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करना और गर्मी के दौरान होने वाली समस्याओं का समय रहते समाधान निकालना था। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। विद्युत विभाग ने पिछले तीन वर्षों में किए गए कार्यों की जानकारी भी प्रस्तुत की। जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में बार-बार ट्रांसफार्मर खराब हो रहे हैं, वहां ओवरलोडिंग की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उनकी क्षमता बढ़ाई जाए। साथ ही खराब ट्रांसफार्मरों को तय समय सीमा के भीतर बदला जाना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में यह भी बताया गया कि जिले में 636 ट्रांसफार्मर बैकअप के रूप में उपलब्ध हैं, जिससे आपात स्थिति में तुरंत बदलाव संभव हो सके। सांसदों और विधायकों ने ट्रांसफार्मरों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने निर्देश दिया कि वायरिंग और तेल की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप होनी चाहिए और इसकी नियमित जांच भी कराई जाए। इसके साथ ही किसी भी ट्रांसफार्मर के खराब होने की शिकायत मिलते ही तत्काल पीआर (प्रोब्लम रिपोर्ट) जनरेट करने के निर्देश दिए गए। यदि इसमें लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि उनके द्वारा भेजे गए प्रस्तावों और पत्रों पर समयबद्ध कार्रवाई होनी चाहिए और उनकी जानकारी भी उन्हें दी जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने इस पर सभी अधिकारियों को पत्राचार का रजिस्टर बनाए रखने और कार्यवाही की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। विधानसभावार बिजली समस्याओं की समीक्षा करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कई क्षेत्रों में ओवरलोडिंग और फाल्ट की समस्या उठाई। सांसद प्रवीण पटेल ने निर्देश दिया कि जहां सब स्टेशन की जरूरत है, वहां तत्काल रिपोर्ट बनाकर प्रस्ताव भेजा जाए। उन्होंने सभी सब स्टेशनों पर घरेलू और व्यावसायिक कनेक्शन की दरों का डिस्प्ले बोर्ड लगाने की भी बात कही, ताकि लोगों को पारदर्शी जानकारी मिल सके। मऊआइमा क्षेत्र में स्वीकृत 70 ट्रांसफार्मरों में से केवल 22 के लगाए जाने पर सांसद ने नाराजगी जताई और शेष कार्य जल्द पूरा करने को कहा। वहीं, थरवई सब स्टेशन के बाढ़ में डूबने और बदरा सौनौटी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या के स्थायी समाधान के लिए विशेष योजना बनाने के निर्देश दिए गए। इस क्षेत्र में केबल या सोलर लाइट के विकल्प पर भी विचार करने को कहा गया। मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिजली आपूर्ति की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी समस्या पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने गर्मी के मौसम में ओवरलोडिंग से निपटने के लिए पर्याप्त तैयारियां रखने पर जोर दिया।
written by- Akash Tripathi



