
हापुड़ (UP): उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से खाने की शुद्धता से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादी समारोह के दौरान रोटियां बनाते समय एक युवक द्वारा कथित रूप से थूक लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली और पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई की।
शादी समारोह में हुई कथित आपत्तिजनक हरकत
जानकारी के अनुसार यह मामला बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मुक्तेश्वरा गांव का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि एक शादी समारोह में खाना बनाने के दौरान एक कारीगर रोटियां तैयार कर रहा था। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उसका वीडियो बना लिया, जिसमें वह कथित रूप से रोटियों पर थूक लगाते हुए नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होते ही कार्यक्रम में मौजूद लोगों और स्थानीय नागरिकों में गुस्सा फैल गया।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान नसीमुद्दीन के रूप में हुई है, जो पड़ोसी जिले मेरठ के किठौर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। वह मजदूरी के सिलसिले में हापुड़ आया हुआ था और शादी समारोह में खाना बनाने का काम कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
गौरतलब है कि इससे पहले भी उत्तर प्रदेश में खाने की शुद्धता से जुड़ी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में गाजियाबाद में एक होटल में रोटी बनाने से जुड़ा ऐसा ही वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की थी। इन घटनाओं के सामने आने के बाद लोगों में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।
Also Read: Hygiene Tips: जूते उतारते ही आती है बदबू? जानें मोजों और जूतों की बदबू दूर करने के आसान घरेलू उपाय।
पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी वायरल वीडियो या घटना को लेकर अफवाह फैलाने से बचें और यदि कहीं भी इस तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचना दें। अधिकारियों का कहना है कि खाद्य सुरक्षा से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ न हो सके।
Written By: Kalpana Pandey



