
गुजरात के द्वारका जिले से एक अनोखा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यहां आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान भजन गायक पर श्रद्धालुओं ने इस तरह नोटों की बारिश की कि पूरा मंच पैसों से भर गया। इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
जानकारी के अनुसार यह कार्यक्रम खंभालिया इलाके में आयोजित श्रीमद भागवत सप्ताह के दौरान हुआ। कार्यक्रम में पारंपरिक गुजराती लोक प्रस्तुति ‘डायरो’ का आयोजन किया गया था, जिसमें प्रसिद्ध लोक गायक कविराज जिग्नेश प्रस्तुति दे रहे थे। शुरुआत में श्रद्धालु मंच पर छोटे नोट चढ़ाते नजर आए, लेकिन धीरे-धीरे माहौल ऐसा बना कि लोग थैलों और प्लास्टिक बैग में भरकर पैसे मंच पर फेंकने लगे।
वीडियो में देखा जा सकता है कि मंच के चारों ओर बड़ी मात्रा में नकदी जमा हो गई, लेकिन इसके बावजूद कविराज जिग्नेश लगातार अपनी प्रस्तुति देते रहे। कार्यक्रम में मौजूद लोग संगीत पर झूमते नजर आए और पूरे माहौल में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
इसी आयोजन के दौरान लोक कलाकार मायाभाई आहिर के कार्यक्रम में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने उन पर भी जमकर नोट बरसाए। इसके बाद से यह चर्चा तेज हो गई कि धार्मिक आयोजनों में इस तरह धन वर्षा की परंपरा लगातार बढ़ती जा रही है।
हालांकि कार्यक्रम आयोजकों का कहना है कि इस दौरान जमा हुई राशि का इस्तेमाल सामाजिक और धार्मिक कार्यों में किया जाएगा। आयोजकों के मुताबिक गांधीनगर में लड़कियों के लिए छात्रावास निर्माण जैसे कई सामुदायिक प्रोजेक्ट्स में इस धनराशि का उपयोग किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग धार्मिक आयोजनों में खुले तौर पर धन प्रदर्शन पर सवाल उठा रहे हैं।



