Ghaziabad Train Accident: गाजियाबाद-दिल्ली रेल रूट पर बड़ा हादसा टला, मालगाड़ी के 6 डिब्बे पटरी से उतरे; 53 ट्रेनें प्रभावित

Ghaziabad Train Accident: गाजियाबाद और नई दिल्ली के बीच मंगलवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब सामान से लदी एक मालगाड़ी के छह डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन इस व्यस्त रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया। हादसे के बाद उत्तर रेलवे ने राहत एवं बहाली कार्य शुरू कर दिया है।

वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की जानकारी मिलते ही उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM), अपर मंडल रेल प्रबंधक (ADRM) और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेलवे की इंजीनियरिंग और तकनीकी टीमें तुरंत राहत कार्य में जुट गईं और क्षतिग्रस्त ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने का काम शुरू किया गया।

53 ट्रेनों का संचालन प्रभावित

रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस दुर्घटना के चलते कुल 53 ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई ट्रेनों के मार्ग और समय में बदलाव किया गया है।

रेलवे ने किए ये बदलाव

  • 24 ट्रेनों को दिल्ली-नई दिल्ली के वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया गया।
  • 16 पैसेंजर ट्रेनें रद्द कर दी गईं।
  • 5 ट्रेनों को शॉर्ट-टर्मिनेट या बीच रास्ते से वापस संचालित किया जा रहा है।
  • आनंद विहार आने वाली 8 ट्रेनों को मुरादाबाद मंडल और उत्तर मध्य रेलवे (NCR) के विभिन्न स्टेशनों पर रोककर रेगुलेट किया जा रहा है।

रेलवे ने यात्रियों से यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।

बहाली का काम जारी

रेलवे की टीमें पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने और ट्रैक की मरम्मत में जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता जल्द से जल्द रेल यातायात को सामान्य करना है। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

एक दिन पहले बिलासपुर में भी हुआ था हादसा

इससे पहले सोमवार को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में करगी रोड स्टेशन के पास एक मालगाड़ी के तीन खाली डिब्बे भी पटरी से उतर गए थे। यह घटना बिलासपुर-कटनी रेलखंड की डाउन लाइन पर हुई थी। हालांकि उस हादसे में भी कोई जनहानि नहीं हुई थी और रेलवे ने तत्काल बहाली कार्य शुरू कर दिया था।

लगातार दो दिनों में मालगाड़ियों के डिरेल होने की घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल गाजियाबाद-नई दिल्ली रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर काम जारी है।

Written by Akshat Srivastava
Show More

Related Articles

Back to top button