
GATE 2027: इंजीनियरिंग छात्रों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (GATE) 2027 के लिए आवेदन करने की बढ़ाई गई समय सीमा आज, 5 अक्टूबर को समाप्त हो रही है। जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे बिना लेट फीस के आज रात तक अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं।
GATE परीक्षा देश के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे IIT, IISc और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में MTech, ME और PhD कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है। इसके अलावा कई सरकारी कंपनियां भी भर्ती प्रक्रिया में GATE स्कोर को मान्यता देती हैं।
12 अक्टूबर तक लेट फीस के साथ मिलेगा मौका
आज के बाद भी उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे, लेकिन इसके लिए अतिरिक्त शुल्क देना होगा। लेट फीस के साथ आवेदन की सुविधा 12 अक्टूबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी।
सामान्य आवेदन शुल्क के तहत महिला, एससी, एसटी और PwD श्रेणी के उम्मीदवारों को एक पेपर के लिए 1000 रुपये जमा करने होंगे। वहीं अन्य उम्मीदवारों के लिए यह शुल्क 2000 रुपये निर्धारित है।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
GATE 2027 के लिए आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरनी होगी। फिर परीक्षा पेपर और परीक्षा शहर का चयन कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। फीस जमा करने के बाद आवेदन प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
आवेदन के लिए कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी?
फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, पहचान पत्र और आवश्यक श्रेणी प्रमाणपत्र तैयार रखने होंगे। आवेदन प्रक्रिया के दौरान लाइव फोटो भी ली जाएगी, इसलिए कैमरा युक्त डिवाइस का उपयोग करना जरूरी होगा।
फॉर्म में सुधार का भी मिलेगा अवसर
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को अपने फॉर्म में संशोधन करने का मौका भी मिलेगा। इसके लिए करेक्शन विंडो 14 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक खुली रहेगी। इस दौरान निर्धारित नियमों के अनुसार जानकारी में बदलाव किया जा सकेगा।
कब होगी GATE 2027 परीक्षा?
GATE 2027 परीक्षा अगले वर्ष फरवरी में आयोजित की जाएगी। परीक्षा 6, 7, 13, 14, 20 और 21 फरवरी 2027 को विभिन्न चरणों में आयोजित होगी। ऐसे में जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उनके पास बिना अतिरिक्त शुल्क के आवेदन करने का आज अंतिम अवसर है।
written by Siddhi Srivastava



