
JEE Main 2027: जेईई मेन 2027 की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी एक अहम स्थिति पर स्पष्टीकरण जारी किया है। एजेंसी के मुताबिक, यदि किसी अभ्यर्थी के आधार कार्ड और कक्षा 10वीं की मार्कशीट में नाम की स्पेलिंग या विवरण में अंतर है, तो केवल इस वजह से उसकी उम्मीदवारी प्रभावित नहीं होगी। हालांकि, आवेदन पत्र में नाम भरते समय विद्यार्थियों को अपनी 10वीं की मार्कशीट में दर्ज नाम का ही इस्तेमाल करना होगा।
इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली जेईई मेन परीक्षा में हर साल बड़ी संख्या में विद्यार्थी आवेदन करते हैं। रजिस्ट्रेशन के दौरान दस्तावेजों में नाम का अंतर, पहचान संबंधी जानकारी और अन्य तकनीकी समस्याएं अभ्यर्थियों के लिए परेशानी का कारण बनती हैं। इन्हीं सवालों को ध्यान में रखते हुए एनटीए ने 48 अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों (FAQ) की सूची जारी की है। इसमें आवेदन, डिजिलॉकर, अपार आईडी, पात्रता, परीक्षा शहर और करेक्शन विंडो से जुड़े नियमों की जानकारी दी गई है।
10वीं की मार्कशीट के अनुसार भरना होगा नाम
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि आधार कार्ड और 10वीं के प्रमाणपत्र में नाम अलग-अलग होने पर अभ्यर्थियों को घबराने की जरूरत नहीं है। आवेदन फॉर्म में वही नाम दर्ज करना होगा, जो कक्षा 10वीं की मार्कशीट में लिखा है। आधार कार्ड पर नाम की वर्तनी में अंतर होने मात्र से उम्मीदवार की पात्रता या उम्मीदवारी रद्द नहीं होगी।
APAAR ID अनिवार्य नहीं, डिजिलॉकर री-केवाईसी की सलाह
एजेंसी ने यह भी साफ किया है कि जेईई मेन 2027 के लिए आवेदन करने में APAAR ID होना अनिवार्य नहीं है। जिन विद्यार्थियों के पास यह आईडी नहीं है, वे इसके बिना भी रजिस्ट्रेशन पूरा कर सकते हैं।
वहीं, एनटीए ने अभ्यर्थियों को आवेदन शुरू करने से पहले डिजिलॉकर की री-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है। इससे आवेदन के कन्फर्मेशन पेज पर उनकी नवीनतम फोटो सही तरीके से प्रदर्शित होने में मदद मिलेगी। यदि डिजिलॉकर में लॉगिन करने में परेशानी आती है तो विद्यार्थी अपने व्यक्तिगत लॉगिन विवरण के जरिए दोबारा प्रयास कर सकते हैं।
कैटेगरी सर्टिफिकेट और 12वीं के रोल नंबर पर भी निर्देश
एनटीए के दिशा-निर्देशों के अनुसार, जेईई मेन 2027 के रजिस्ट्रेशन के समय कैटेगरी प्रमाणपत्र अपलोड करना जरूरी नहीं है। हालांकि, अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र का नंबर, जारी होने की तारीख और इसे जारी करने वाले प्राधिकारी से संबंधित विवरण भरना होगा।
जो विद्यार्थी शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 12वीं की परीक्षा दे रहे हैं और जिनका रोल नंबर या रजिस्ट्रेशन नंबर अभी जारी नहीं हुआ है, वे आवेदन में ‘नॉट अवेलेबल’ विकल्प चुन सकते हैं। वहीं, इंप्रूवमेंट परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को ‘पास्ड’ विकल्प का चयन करना होगा।
चार परीक्षा शहर चुनने का मिलेगा विकल्प
परीक्षा केंद्र के चयन को लेकर भी एनटीए ने जानकारी दी है। अभ्यर्थी निर्धारित पते से संबंधित पात्रता शर्तों के अधीन अधिकतम चार पसंदीदा परीक्षा शहर चुन सकते हैं। इसके अलावा, आवेदन के दौरान सिस्टम यदि लाइव फोटो स्वीकार नहीं करता है तो विद्यार्थी दोबारा फोटो खींचकर अपलोड करने का प्रयास कर सकते हैं।
अप्रैल 2027 में प्रस्तावित दूसरे सत्र में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अलग से आवेदन करना होगा। यानी पहले सत्र का फॉर्म भरने मात्र से दूसरे सत्र के लिए रजिस्ट्रेशन पूरा नहीं माना जाएगा।
जेईई मेन 2027 सेशन-1 का महत्वपूर्ण कार्यक्रम
एनटीए की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, पहले सत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख 22 नवंबर 2026 रात 11:50 बजे तक निर्धारित है। विलंब शुल्क के साथ आवेदन 23 से 26 नवंबर तक किया जा सकेगा। आवेदन में सुधार के लिए करेक्शन विंडो 27 से 29 नवंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी।
पहले सत्र की परीक्षा 20 से 30 जनवरी 2027 के बीच संभावित है। वहीं, दूसरे सत्र के लिए रजिस्ट्रेशन 5 जनवरी से 3 फरवरी 2027 तक प्रस्तावित है। ऐसे में विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले एनटीए के दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें और निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करें।
written by Siddhi Srivastava



