
Cockroach janata Party News:NEET पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार इस मामले में जवाबदेही तय नहीं करती है तो देशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा।
अभिजीत दीपके शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे और एयरपोर्ट से सीधे जंतर-मंतर पहुंचे। उनके हाथ में डॉ. भीमराव अंबेडकर की आत्मकथा तथा भारतीय संविधान की प्रति थी। जंतर-मंतर पर समर्थकों ने उनका स्वागत किया और बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन में शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके ने पांच बार अपने समर्थकों को संबोधित किया। इस दौरान शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन को शाम 5 बजे तक अनुमति मिली थी, लेकिन दोपहर लगभग 3:30 बजे अभिजीत दीपके की तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद कार्यक्रम समय से पहले समाप्त कर दिया गया।
प्रदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक, CPI(ML) लिबरेशन के महासचिव दिपांकर भट्टाचार्य, CPI नेता एनी राजा तथा विभिन्न छात्र एवं युवा संगठनों कार्यकर्ता भी शामिल हुए। CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
पार्टी ने घोषणा की है कि यदि सरकार उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं करती है तो अगले शनिवार, 13 जून को जंतर-मंतर पर फिर से बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। जंतर-मंतर और दिल्ली की सीमाओं पर 1000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी तथा आने-जाने वाले वाहनों की निगरानी की गई।
CJP का कहना है कि NEET पेपर लीक मामले में निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।



