CM Yogi Adityanath: भारत में रहेंगे तो…’ CM Yogi का बड़ा संदेश, वंदे मातरम के अपमान पर सख्त चेतावनी

हर घर तिरंगा अभियान के शुभारंभ पर योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान पर दिया कड़ा संदेश

CM Yogi Adityanath: लखनऊ में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत करते हुए राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को लेकर कड़ा संदेश दिया। मुख्यमंत्री आवास 5 कालिदास मार्ग से विधान भवन तक तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं, कलाकारों और बड़ी संख्या में प्रदेशवासियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में रहकर देश के तिरंगे, राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और महापुरुषों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश के राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

तिरंगा यात्रा के शुभारंभ से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गान किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि हर घर पर तिरंगा फहराया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा सिर्फ एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की सादगी, विकास, विरासत और आन-बान-शान का प्रतीक है। इसके पीछे उन लाखों स्वतंत्रता सेनानियों और सैनिकों के बलिदान की कहानी है, जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में तिरंगा यात्राओं का आयोजन स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारियों और शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने आजादी की लड़ाई में योगदान देने वाले क्रांतिकारियों और स्वतंत्र भारत की रक्षा में बलिदान देने वाले सैनिकों को याद किया। इसके साथ ही उन्होंने संविधान निर्माताओं डॉ. राजेंद्र प्रसाद, बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर और सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को भी नमन किया।

योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को लेकर कहा कि अब यह नहीं चलेगा कि कोई भारत में रहे, लेकिन भारत के प्रतीकों और महापुरुषों का अपमान करे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के सम्मान को लेकर उठाए गए कदमों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की पहचान और गौरव से जुड़े प्रतीकों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का अपमान स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में हो रहे कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा। इसी दौरान उन्होंने काकोरी ट्रेन एक्शन की ऐतिहासिक घटना को भी याद किया। योगी ने कहा कि 1925 में पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह और अशफाक उल्ला खां जैसे क्रांतिकारियों ने काकोरी ट्रेन एक्शन के जरिए अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी थी। तिरंगा यात्रा उन वीर क्रांतिकारियों के बलिदान को याद करने का भी अवसर है।

लखनऊ की तिरंगा यात्रा में युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। मुख्यमंत्री के मुताबिक करीब 25 से 30 हजार युवाओं ने यात्रा में हिस्सा लिया। युवाओं की मौजूदगी से उत्साहित योगी ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। युवा ऊर्जा और प्रतिभा का प्रतीक है और उसमें देश की हर चुनौती का सामना करने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने और उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराने की जरूरत है, ताकि वे देश और समाज के सामने आने वाली चुनौतियों का सामना कर सकें।

UP CM YOGI-गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी ने दी तीन उद्यमियों-समाजसेवियों को दी श्रद्धांजलि

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवाओं को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ देश और समाज की समस्याओं को समझने के लिए भी तैयार होना चाहिए। उन्होंने ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन हुतात्माओं ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया, उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने युवाओं से देश के विकास और राष्ट्रीय गौरव को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान से जुड़े जिन कार्यों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए थी, उन्हें पूरा होने में कई दशक लग गए। योगी ने कहा कि कुछ लोगों के लिए सत्ता सर्वोपरि रही, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए राष्ट्र प्रथम है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं, गरीबों, किसानों और महिलाओं के साथ-साथ देश की विरासत और राष्ट्रीय गौरव को भी महत्व दे रही है।

मुख्यमंत्री ने घर-घर तिरंगा अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि अब देश का हर नागरिक अपने घर पर तिरंगा फहरा सकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के इस्तेमाल से जुड़े नियमों में बदलाव के बाद आम लोगों के लिए अपने घर पर तिरंगा फहराना संभव हुआ है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर में तिरंगा दिखाई दे और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना बनी रहे।

CM Yogi on Akhilesh Yadav: बबुआ 12 बजे उठते थे, 5 बजे जिम जाते थे… CM योगी का अखिलेश यादव पर तीखा वार

तिरंगा यात्रा के दौरान ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा रास्ता गूंजता रहा। मुख्यमंत्री खुद हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। उनके साथ बच्चे, युवा, पार्टी कार्यकर्ता और सरकार तथा संगठन के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने तिरंगा लहरा रहे बच्चों के साथ सेल्फी ली और उनका उत्साह बढ़ाया। यात्रा में देशभक्ति के साथ अनुशासन का भी संदेश दिखाई दिया।

5 कालिदास मार्ग से शुरू हुई तिरंगा यात्रा विधान भवन तक पहुंची, जहां मुख्यमंत्री ने गुब्बारे उड़ाकर यात्रा का समापन किया। इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस को देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना के साथ मनाने की अपील की। लखनऊ की इस तिरंगा यात्रा के जरिए मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने, युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान का संदेश दिया। उनका साफ कहना था कि भारत में रहकर देश के तिरंगे, राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और महापुरुषों का अपमान अब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Show More

Related Articles

Back to top button