
Bollywood Breaking News- द वायरल फीवर (टीवीएफ) ने अपनी नई वेब सीरीज ‘द पिरामिड स्कीम’ की आधिकारिक घोषणा कर दी है। निर्माताओं ने पहला पोस्टर जारी करते हुए इसकी रिलीज तारीख और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म का भी खुलासा किया है। आशीष आर शुक्ला और श्रेयांश पांडे के निर्देशन में बनी यह सीरीज महत्वाकांक्षा, लालच और रातोंरात अमीर बनने के सपनों की दुनिया को पर्दे पर दिखाने वाली है।
जारी किए गए पोस्टर में परमवीर सिंह चीमा और रणवीर शौरी नजर आ रहे हैं। उनके पीछे अखबारों की सुर्खियां दिखाई गई हैं, जिन पर ‘सबसे बड़ा घोटाला’ और ‘लाखों ठगे गए’ जैसे शब्द लिखे हैं। सीरीज की कहानी ‘गोल्डी’ नाम के एक महत्वाकांक्षी युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो बेहतर जिंदगी की चाह में पिरामिड मार्केटिंग के जाल में फंस जाता है। इसके बाद कहानी लालच, विश्वासघात और धोखे की खतरनाक दुनिया की ओर बढ़ती है।
सीरीज में परमवीर सिंह चीमा, रणवीर शौरी और शेखर सुमन अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। टीवीएफ की यह नई पेशकश 5 जून से ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी। पोस्टर सामने आने के बाद दर्शकों के बीच सीरीज को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
Read Also-नौतपा शुरू: बाबा विश्वनाथ का फलों के रस से विशेष अभिषेक, श्रद्धालुओं के लिए धाम में खास इंतजाम


