Kavya Maran: काव्या मारन-अनिरुद्ध के रिसेप्शन में फिल्मी और क्रिकेट सितारों की महफिल, धोनी-रजनीकांत भी पहुंचे

Kavya Maran: चेन्नई में आयोजित दूसरे वेडिंग रिसेप्शन में क्रिकेट, सिनेमा और कारोबार जगत की हस्तियों ने की शिरकत, सोशल मीडिया पर छाईं तस्वीरें

Kavya Maran: सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन और मशहूर संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर की शादी का जश्न लगातार सुर्खियों में है। रविवार, 22 नवंबर को चेन्नई में दोनों ने अपना दूसरा भव्य वेडिंग रिसेप्शन आयोजित किया। इस समारोह में भारतीय क्रिकेट, फिल्म और कारोबारी जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं। रिसेप्शन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

रिसेप्शन के दूसरे दिन काव्या और अनिरुद्ध ने अपने पहनावे से भी सबका ध्यान खींचा। पहले दिन जहां दोनों पारंपरिक अंदाज में रेड और मरून रंग के परिधानों में नजर आए थे, वहीं दूसरे समारोह के लिए उन्होंने मॉडर्न लुक चुना। काव्या सफेद रंग के बॉडीकॉन गाउन में दिखाई दीं। ऑफ-शोल्डर डिजाइन और फूलों की बारीक कढ़ाई वाले इस गाउन के साथ उन्होंने डायमंड नेकलेस और खुले वेवी हेयर से अपना लुक पूरा किया। वहीं अनिरुद्ध काली शर्ट और मैचिंग ट्राउजर के साथ सफेद ब्लेजर में नजर आए।

पहले दिन भी दिखा था खास अंदाज

रिसेप्शन के पहले दिन काव्या ने डिजाइनर अनामिका खन्ना का तैयार किया हुआ लाल रंग का फ्लोरल आउटफिट पहना था। वहीं अनिरुद्ध मरून और काले रंग की जैकेट में दिखाई दिए थे, जिस पर गोल्ड और सिल्वर रंग की बारीक कढ़ाई की गई थी। दोनों दिनों के समारोह में कपल के अलग-अलग अंदाज की तस्वीरें सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रही हैं।

धोनी, रजनीकांत और रश्मिका समेत कई सितारे पहुंचे

दूसरे रिसेप्शन में पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान एमएस धोनी और फिल्ममेकर-निर्देशक एटली की एक साथ तस्वीर खास चर्चा में रही। इसके अलावा एटली अपनी पत्नी प्रिया एटली के साथ, धोनी अपनी पत्नी साक्षी के साथ और अभिनेत्री नयनतारा अपने पति विग्नेश शिवन के साथ समारोह में शामिल हुईं। इन सभी की एक साथ सामने आई तस्वीर भी सोशल मीडिया पर खूब पसंद की जा रही है।

समारोह में दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत, अभिनेता अजित कुमार, विजय देवरकोंडा और अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने भी शिरकत की। कारोबार जगत से रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के बड़े बेटे आकाश अंबानी अपनी पत्नी श्लोका मेहता के साथ पहुंचे। दोनों ने समारोह के दौरान साथ में तस्वीरें भी खिंचवाईं।

11 नवंबर को ग्रीस में हुई थी शादी

काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर ने 11 नवंबर को ग्रीस में एक निजी समारोह में शादी की थी। इसके बाद दोनों चेन्नई लौटे, जहां शादी के जश्न के तहत भव्य रिसेप्शन आयोजित किए गए। दूसरे रिसेप्शन में फिल्म और क्रिकेट जगत की बड़ी हस्तियों की मौजूदगी ने समारोह को खास बना दिया।

written by Siddhi Srivastava

Show More

Related Articles

Back to top button