Indian Politics: बीजेपी शासित 4 राज्यों में मंत्रिमंडल फेरबदल की तैयारी, नए चेहरों को मिल सकता है मौका

युवा चेहरों और नए समीकरणों के साथ बीजेपी कई राज्यों में कैबिनेट फेरबदल की तैयारी में जुटी है।

Indian Politics: बिहार और उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल फेरबदल के बाद अब भारतीय जनता पार्टी की नजर चार और राज्यों पर है। हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में जल्द ही बड़े राजनीतिक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। पार्टी संगठन और सरकार के स्तर पर लगातार बैठकों का दौर जारी है, जिससे अटकलें और तेज हो गई हैं।


नितिन नवीन से मुलाकात के बाद बढ़ीं चर्चाएं

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से हाल ही में कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने मुलाकात की।

मोहन यादव ने इस महीने की शुरुआत में दिल्ली पहुंचकर मंत्रियों के कामकाज की रिपोर्ट सौंपी। इसके बाद मध्य प्रदेश बीजेपी प्रभारी महेंद्र सिंह ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात की।

राज्य में 2023 में सरकार बनने के बाद अभी तक बड़ा फेरबदल नहीं हुआ है। पार्टी अब 2028 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए नए चेहरों को मौका देने पर विचार कर रही है।


हरियाणा और राजस्थान में भी बदलाव के संकेत

नायब सिंह सैनी भी शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे और राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि उन्होंने मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड पेश किया और कुछ वरिष्ठ नेताओं को हटाने की सिफारिश भी की।

हाल ही में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में बीजेपी की जीत के बाद सैनी की राजनीतिक स्थिति और मजबूत मानी जा रही है।

वहीं, भजनलाल शर्मा ने भी पिछले सप्ताह दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की थी। राजस्थान में भी संगठन और सरकार दोनों स्तर पर बदलाव की चर्चा तेज है।


छत्तीसगढ़ में भी हो सकता है फेरबदल

सूत्रों के मुताबिक छत्तीसगढ़ में भी सरकार और संगठन में बदलाव की तैयारी चल रही है। पार्टी राज्य स्तर पर नए सामाजिक समीकरण बनाने और युवा नेतृत्व को आगे लाने की रणनीति पर काम कर रही है।


मोदी कैबिनेट में भी बदलाव की संभावना

राज्यों के साथ-साथ केंद्र सरकार में भी बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है। प्रधानमंत्री Narendra Modi की तीसरी सरकार के दो साल पूरे होने से पहले जून 2026 में केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार या फेरबदल की संभावना जताई जा रही है।

बीजेपी संगठन अब 40 से 50 वर्ष के युवा नेताओं, महिलाओं और प्रोफेशनल बैकग्राउंड वाले चेहरों को प्राथमिकता देने की तैयारी में है।

माना जा रहा है कि कम सक्रिय मंत्रियों को हटाया जा सकता है, जबकि कुछ वरिष्ठ नेताओं को संगठन में अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है।

Indian Politics 100 Years: भारतीय राजनीति के 100 वर्ष: क्या सच में बदल गया पूरा परिदृश्य?


बीजेपी की रणनीति क्या है?

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बीजेपी 2027 और 2028 के चुनावों को ध्यान में रखते हुए सरकार और संगठन में नई ऊर्जा लाना चाहती है।

पार्टी युवा वोटर्स, महिलाओं और नए सामाजिक समीकरणों पर फोकस कर रही है। ऐसे में कैबिनेट फेरबदल के जरिए नए चेहरों को आगे लाकर बीजेपी आगामी चुनावों के लिए मजबूत संदेश देना चाहती है।


बीजेपी शासित राज्यों में संभावित कैबिनेट फेरबदल सिर्फ प्रशासनिक बदलाव नहीं बल्कि आगामी चुनावों की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। आने वाले दिनों में हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ की राजनीति में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

written by : ekta verma

Show More

Related Articles

Back to top button