Jabalpur Cruise Accident: जबलपुर में सैर बनी काल! बरगी डैम में क्रूज़ हादसा, 9 मौतें, कई अब भी लापता

खराब मौसम बना हादसे की वजह या लापरवाही? जांच के आदेश, NDRF-SDRF मौके पर

Jabalpur Cruise Accident: मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब पर्यटकों से भरा एक क्रूज़ अचानक डूब गया। इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत की बात यह है कि करीब 20 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा शाम करीब 5:30 बजे खमरिया टापू के पास हुआ। उस समय क्रूज़ में 30 से अधिक पर्यटक सवार थे। अचानक मौसम खराब हुआ और तेज हवाओं के साथ ऊंची लहरें उठने लगीं, जिससे क्रूज़ असंतुलित होकर पानी में समा गया।

क्रूज़ डूबने के बाद अगले दिन सुबह जब रेस्क्यू टीम ने नदी से शव निकाले, तो एक ऐसा मंजर सामने आया जिसने सभी को भावुक कर दिया। एक महिला का शव मिला, जिसके गले से उसका करीब तीन साल का मासूम बच्चा लिपटा हुआ था। मां ने आखिरी पल तक अपने बच्चे को बचाने की कोशिश की—उसे अपनी लाइफ जैकेट में बांधकर सीने से कसकर लगाए रखा। लेकिन किस्मत के आगे दोनों हार गए। जिंदगी भले ही छिन गई, लेकिन मां और बच्चे के इस अटूट रिश्ते ने वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम कर दीं।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि तूफान इतना तेज था कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। वहीं कुछ बचाए गए लोगों ने आरोप लगाया है कि क्रूज़ पर सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त नहीं थे। उनका कहना है कि लाइफ जैकेट समय पर नहीं दी गईं, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

स्थानीय लोगों और मजदूरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और कई लोगों की जान बचाई। हालांकि खराब मौसम और अंधेरे की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही हैं।

Also Read: प्रतापगढ़। आज मां विंध्यवासिनी दर्शन यात्रा का भक्ति भाव से शुभारंभ, नित्या त्रिपाठी ने बस को किया रवाना

मौके पर राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और सेना की टीमें तैनात हैं, जो लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं। प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती तौर पर खराब मौसम को वजह माना जा रहा है, लेकिन लापरवाही के आरोपों की भी जांच की जाएगी।

Written By: Kalpana Pandey

Show More

Related Articles

Back to top button