
Maharashtra news: मुंबई के पायधुनी इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों की रहस्यमयी मौत ने अब नया मोड़ ले लिया है। शुरुआती जांच में तरबूज खाने के बाद फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन अब डॉक्टरों ने जहर दिए जाने की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, पोस्टमार्टम से जुड़े शुरुआती निष्कर्षों में मृतकों के अहम अंग—जैसे दिमाग, दिल और आंतें—असामान्य रूप से हरे रंग के पाए गए। विशेषज्ञों का मानना है कि यह सामान्य फूड पॉइजनिंग के मामलों से बिल्कुल अलग संकेत है और शरीर में किसी जहरीले तत्व के फैलने की ओर इशारा करता है।
डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि यह मामला जहर दिए जाने का हो सकता है। जांच के दौरान एक मृतक के शरीर में मॉर्फीन जैसे तत्व के निशान भी मिले हैं, जिससे साजिश की संभावना और मजबूत हो गई है। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं इस घटना को जानबूझकर फूड पॉइजनिंग जैसा दिखाने की कोशिश तो नहीं की गई।
मामले में एक और महत्वपूर्ण पहलू सामने आया है। परिवार के मुखिया अब्दुल्ला डोकाडिया एक पुराने धोखाधड़ी मामले में गवाह थे, जिसकी सुनवाई जल्द होने वाली थी। ऐसे में पुलिस इस संभावना को भी खंगाल रही है कि कहीं उनकी गवाही ही इस पूरे घटनाक्रम की वजह तो नहीं बनी।
Also Read: Jabalpur Cruise Accident: जबलपुर में सैर बनी काल! बरगी डैम में क्रूज़ हादसा, 9 मौतें, कई अब भी लापता
फिलहाल पुलिस ने कारोबारी लेन-देन, बैंक रिकॉर्ड और पारिवारिक संपर्कों की गहन जांच शुरू कर दी है। अंतिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।


