
UP Cold Wave: उत्तर प्रदेश में सर्दी और शीतलहर के संभावित असर को देखते हुए योगी सरकार ने जरूरतमंदों और निराश्रित लोगों को राहत देने की तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुरूप नगर निगम रैन बसेरों में ठहरने वाले लोगों के लिए जरूरी सुविधाएं दुरुस्त करने में जुटा है। इसी क्रम में लखनऊ के नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शनिवार को शहर के अलग-अलग रैन बसेरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने लक्ष्मण मेला मैदान, जियामऊ और एल्डिको स्थित रैन बसेरों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां चल रहे निर्माण, मरम्मत और अन्य सुधार कार्यों की प्रगति देखी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ठंड के मौसम में किसी भी जरूरतमंद को आश्रय और बुनियादी सुविधाओं की कमी न हो।
लक्ष्मण मेला मैदान के रैन बसेरे में बढ़ेगी क्षमता
लक्ष्मण मेला मैदान स्थित रैन बसेरे में किए गए सुधार कार्यों का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने बताया कि यहां दो नए कमरों का निर्माण कराया गया है। इससे रैन बसेरे में अधिक लोगों को ठहराने की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने बचे हुए कार्यों को अगले तीन दिनों के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
जियामऊ में एक सप्ताह में पूरे होंगे सुधार कार्य
जियामऊ स्थित रैन बसेरे का जायजा लेते हुए नगर आयुक्त ने वहां सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने पेंटिंग, शीशे लगाने और अन्य अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए। इन कार्यों के लिए एक सप्ताह की समयसीमा निर्धारित की गई है।
एल्डिको रैन बसेरे में 120 लोगों के ठहरने की क्षमता
जोन-4 के एल्डिको स्थित रैन बसेरे का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने भवन में चल रहे रंगाई-पुताई और अन्य कार्यों की स्थिति देखी। जी प्लस थ्री संरचना वाले इस भवन में एक साथ 120 लोगों के ठहरने की क्षमता है। उन्होंने अधिकारियों से सभी शेष कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरे कराने को कहा, ताकि सर्दी बढ़ने पर लोगों को सुरक्षित आश्रय मिल सके।
एनिमल केयर हॉस्पिटल का काम 31 दिसंबर तक पूरा करने का निर्देश
रैन बसेरों के निरीक्षण के बाद नगर आयुक्त ने जोन-4 में मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत निर्माणाधीन एनिमल केयर हॉस्पिटल का भी जायजा लिया। अस्पताल के मुख्य भवन का ढांचा तैयार हो चुका है, जबकि ईंटों से संबंधित निर्माण कार्य जारी है। परिसर में पशुओं के लिए कैनोपी, पार्क और बड़े पशुओं के लिए शेड सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जानी हैं। नगर आयुक्त ने पूरी परियोजना को 31 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।
चिनहट तालाब के बचे कार्य जल्द पूरे करने को कहा
नगर आयुक्त ने अमृत योजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे जोन-4 स्थित चिनहट तालाब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां शेष कार्यों की जानकारी ली और उन्हें जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अविनाश त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता अतुल मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी और क्षेत्रीय अवर अभियंता मौजूद रहे। नगर निगम की इन तैयारियों का उद्देश्य सर्दी के दौरान खुले में रहने को मजबूर लोगों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना और शहर में सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाना है।
written by Siddhi Srivastava



