MeitY Recruitment 2026: केंद्र सरकार के ग्रुप-ए पदों पर नौकरी का मौका, MeitY में 20 रिक्तियां

MeitY Recruitment 2026: इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने जारी किया नोटिफिकेशन, इलेक्ट्रॉनिक्स-कम्युनिकेशन और कंप्यूटर साइंस के लिए 10-10 पद

MeitY Recruitment 2026:  केंद्र सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) में वैज्ञानिक के पद पर नौकरी पाने का अवसर सामने आया है। मंत्रालय ने साइंटिस्ट ‘बी’ के 20 पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। ये पद सामान्य केंद्रीय सेवा के ग्रुप-ए राजपत्रित श्रेणी के अंतर्गत आते हैं। भर्ती के लिए उम्मीदवारों को संबंधित विषय में GATE 2024, 2025 या 2026 का वैध स्कोर होना जरूरी है। चयन प्रक्रिया में GATE स्कोर के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग और व्यक्तिगत साक्षात्कार शामिल होंगे।

मंत्रालय की ओर से जारी विज्ञापन संख्या MeitY/2026/1 के अनुसार, कुल 20 रिक्तियों को दो तकनीकी विषयों में बांटा गया है। इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के लिए 10 और कंप्यूटर साइंस एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के लिए 10 पद निर्धारित किए गए हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। हालांकि, भर्ती पोर्टल अभी शुरू नहीं हुआ है। आवेदन शुरू होने और अंतिम तारीख से जुड़ी जानकारी पोर्टल सक्रिय होने पर उपलब्ध कराई जाएगी।

किस विषय में कितने पद?

मंत्रालय ने दोनों तकनीकी क्षेत्रों में बराबर पद रखे हैं। पदों का विवरण इस प्रकार है:

  • इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग: 10 पद
  • कंप्यूटर साइंस एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी: 10 पद
  • कुल रिक्तियां: 20 पद

आरक्षण के तहत कुल 11 पद अनारक्षित, 3 अनुसूचित जाति, 2 अनुसूचित जनजाति, 2 अन्य पिछड़ा वर्ग (नॉन-क्रीमी लेयर) और 2 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए निर्धारित हैं। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए क्षैतिज आरक्षण का भी प्रावधान किया गया है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि रिक्तियों की संख्या अस्थायी है और इसमें बदलाव किया जा सकता है।

GATE स्कोर के साथ कौन-सी डिग्री जरूरी?

इन पदों के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में GATE 2024, 2025 या 2026 का वैध स्कोर होना चाहिए। इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के लिए GATE का EC पेपर और कंप्यूटर साइंस एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के लिए CS पेपर मान्य होगा।

शैक्षणिक योग्यता के लिए अभ्यर्थियों के पास दो विकल्प दिए गए हैं। पहला, किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से फिजिकल साइंस, मैथमेटिकल साइंस अथवा कंप्यूटेशनल एंड इंफॉर्मेशन साइंस के निर्धारित विषयों में मास्टर डिग्री होनी चाहिए। इनमें इलेक्ट्रॉनिक्स, एप्लाइड इलेक्ट्रॉनिक्स, मैटेरियल साइंस, नैनोटेक्नोलॉजी, माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स, मैथमैटिक्स एंड कंप्यूटिंग, कंप्यूटर साइंस, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस और साइबर सिक्योरिटी जैसे विषय शामिल हैं।

दूसरा विकल्प संबंधित विषय में कम से कम चार साल का बीई या बीटेक कोर्स है। इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर साइंस, कंप्यूटर इंजीनियरिंग, सॉफ्टवेयर सिस्टम, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स, एआई, डेटा साइंस और साइबर सिक्योरिटी सहित विज्ञापन में बताए गए विषयों की डिग्री रखने वाले अभ्यर्थी पात्र हो सकते हैं। उम्मीदवार की निर्धारित शैक्षणिक योग्यता आवेदन की अंतिम तारीख तक पूरी होनी चाहिए।

कितनी होनी चाहिए उम्र?

आयु की गणना ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख के आधार पर की जाएगी। अलग-अलग श्रेणियों के लिए अधिकतम उम्र इस प्रकार तय की गई है:

  • सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग: 30 वर्ष
  • ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर): 33 वर्ष
  • एससी और एसटी वर्ग: 35 वर्ष

दिव्यांग अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम 10 वर्ष तक की छूट मिल सकती है। वहीं, निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों को अधिकतम पांच वर्ष तक की आयु में छूट का प्रावधान है। पूर्व सैनिकों को भी नियमानुसार राहत दी जाएगी।

हर महीने मिलेगी 1.77 लाख रुपये तक सैलरी

साइंटिस्ट ‘बी’ के पद पर चयनित उम्मीदवारों को सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के पे मैट्रिक्स के लेवल-10 के तहत वेतन दिया जाएगा। इसका वेतनमान 56,100 रुपये से लेकर 1,77,500 रुपये प्रतिमाह है। इसके अलावा केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार अन्य भत्ते और सुविधाएं भी मिलेंगी।

मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती जनहित में भारत के किसी भी हिस्से या देश के बाहर भी की जा सकती है।

GATE स्कोर और इंटरव्यू से होगा चयन

उम्मीदवारों का चयन मुख्य रूप से दो चरणों में किया जाएगा। सबसे पहले संबंधित विषय के वैध GATE स्कोर के आधार पर अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसके बाद चयनित उम्मीदवारों को व्यक्तिगत साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम चयन के लिए दस्तावेजों और पात्रता से जुड़ी जानकारी का सत्यापन भी किया जाएगा।

इस भर्ती में अलग से लिखित परीक्षा का उल्लेख नहीं किया गया है। इसलिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए संबंधित विषय का वैध GATE स्कोर होना अनिवार्य है।

आवेदन प्रक्रिया अभी शुरू नहीं, पोर्टल का करना होगा इंतजार

योग्य उम्मीदवारों को इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। मंत्रालय के नोटिफिकेशन के अनुसार, भर्ती के लिए ऑनलाइन पोर्टल जल्द शुरू किया जाएगा। फिलहाल आवेदन की शुरुआत और अंतिम तारीख घोषित नहीं की गई है।

उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन से पहले आधिकारिक विज्ञापन में दी गई शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण और अन्य शर्तों को ध्यान से पढ़ें। भर्ती से जुड़ी आगे की जानकारी, संशोधन या नया नोटिस मंत्रालय की वेबसाइट पर ही जारी किया जाएगा।

written by Siddhi Srivastava

Show More

Related Articles

Back to top button