Lucknow News : डेंटल सर्जन डॉ. शोभित गुप्ता को भाया खेती का शौक, जैविक तरीके से उगा रहे काला नमक धान

Lucknow News : लखनऊ के डेंटल सर्जन डॉ. शोभित गुप्ता बीकेटी के पारा गांव में जैविक तरीके से काला नमक धान उगा रहे हैं। फार्म हाउस में मियाजाकी आम, अमरूद और लाल चंदन के पौधे भी लगाए हैं।

Lucknow News : शौक जब जुनून बन जाए तो पेशे की सीमाएं भी रास्ता नहीं रोक पातीं। लखनऊ के डेंटल सर्जन और इम्प्लांटोलॉजिस्ट डॉ. शोभित गुप्ता इसका उदाहरण हैं। दांतों का इलाज करने के साथ ही उन्हें खेती और बागवानी का भी खास शौक है। वह बीकेटी तहसील के पारा गांव में जैविक तरीके से काला नमक धान की खेती कर रहे हैं। खास बात यह है कि किसान पथ से सटे उनके खेत में सीमित क्षेत्र में किए गए इस प्रयोग से अच्छी उपज मिली है।

कोविड काल में फार्म हाउस से शुरू हुआ खेती का सफर

डॉ. शोभित गुप्ता ने कोविड काल के दौरान फार्म हाउस लिया था। यहीं से खेती और प्रकृति के प्रति उनका लगाव बढ़ता गया। काला नमक धान के बारे में जानकारी मिलने के बाद उन्होंने इसकी खेती करने का फैसला किया। पिछले कई वर्षों से वह जैविक पद्धति से काला नमक धान उगा रहे हैं। उनका प्रयास प्राकृतिक तरीके से खेती की संभावनाओं को तलाशना और नए प्रयोगों को बढ़ावा देना है।

मियाजाकी आम से लेकर लाल चंदन तक के पौधे

खेती के साथ डॉ. गुप्ता को बागवानी का भी खास शौक है। यह रुचि उन्हें अपने पिता से विरासत में मिली है। उनके पिता को भी पेड़-पौधों से विशेष लगाव था। इसी प्रेरणा से उन्होंने फार्म हाउस में आम की कई किस्में लगाई हैं। इनमें जापान का प्रसिद्ध मियाजाकी आम भी शामिल है। इसके अलावा अमरूद की अलग-अलग किस्मों और लाल चंदन के पौधे भी लगाए हैं।

प्रकृति से जुड़ने का दे रहे संदेश

डॉ. गुप्ता का मानना है कि प्रकृति के करीब रहने से नई ऊर्जा मिलती है। उनका यह प्रयास बताता है कि व्यस्त पेशेवर जीवन के बीच भी अपने शौक को समय दिया जा सकता है। जैविक खेती और बागवानी के जरिए वह न केवल प्रकृति से अपना जुड़ाव बनाए हुए हैं, बल्कि दूसरों को भी मिट्टी, पेड़-पौधों और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा दे रहे हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button