
Aligarh News : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में रूसी शिक्षाविदों के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों और विद्यार्थियों से संवाद कर शैक्षणिक आदान-प्रदान एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। इस दौरान संयुक्त शोध परियोजनाओं, विद्यार्थी-शिक्षक विनिमय कार्यक्रमों और उच्च शिक्षा के नए अवसरों पर विचार-विमर्श किया गया।
रूसी अर्थशास्त्रियों के प्रतिनिधिमंडल ने एएमयू के अर्थशास्त्र विभाग का दौरा किया। विभागाध्यक्ष प्रो. एस.एम. जावेद अख्तर ने अर्थशास्त्र की प्रोफेसर ओल्गा ट्रोफिमेंको और प्रो. अनास्तासिया शेइना का स्वागत किया। उन्होंने अतिथियों को विभाग के स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रमों, पीएचडी शोध क्षेत्रों और उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी दी। इनमें सेमिनार पुस्तकालय, कंप्यूटर प्रयोगशाला और शोध संबंधी संसाधन शामिल रहे।
संवाद के दौरान संयुक्त शोध परियोजनाओं, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के आदान-प्रदान और पीएचडी शोध के मूल्यांकन में रूसी शिक्षाविदों को बाह्य परीक्षक के रूप में शामिल करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में प्रो. मोहम्मद आसिफ, प्रो. मोहम्मद आजम खान, प्रो. एमडी फिरदौस अहमद सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व शारीरिक शिक्षा विभाग के डॉ. मोहम्मद अरशद बारी और विदेशी भाषा विभाग के डॉ. मुराद अहमद खान ने किया। डॉ. शिरीन रईस ने प्रतिवेदक की भूमिका निभाई।
रूसी विधि विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को दी अंतरराष्ट्रीय कानून की जानकारी
एक अन्य कार्यक्रम में कुताफिन मॉस्को स्टेट लॉ यूनिवर्सिटी के प्रोफेसरों के प्रतिनिधिमंडल ने एएमयू के डॉ. बी.आर. अंबेडकर हॉल का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल में प्रो. विक्टर माखेखिन, प्रो. स्टानिस्लाव बोबोवकिन और प्रो. मिखाइल नाबातोव शामिल रहे। हॉल के प्रोवोस्ट प्रो. मोहम्मद तारिक ने अतिथियों का स्वागत किया।
रूसी विधि विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के साथ बातचीत में अंतरराष्ट्रीय विधि शिक्षा, कानून के क्षेत्र में हो रहे समकालीन बदलावों और रूस में उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों की जानकारी साझा की। इस संवाद से विद्यार्थियों को विभिन्न देशों की कानूनी व्यवस्थाओं को समझने और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान के अवसरों से परिचित होने का मौका मिला।
इस अवसर पर हॉल के वार्डन डॉ. गौरव वर्मा, डॉ. अबसार किदवई और वरिष्ठ खाद्य अधिकारी हम्माद खान मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रो. मोहम्मद तारिक ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।



