Lucknow News : यूपी में सिमट रहा फाइलेरिया का संक्रमण, चार और जिले बीमारी से मुक्त होने की कगार पर

Lucknow News : यूपी में फाइलेरिया संक्रमण तेजी से घटा। रामपुर फाइलेरिया मुक्त, वाराणसी समेत चार जिले मुक्त होने की कगार पर। 19 नवंबर से 16 जिलों के 53 ब्लॉकों में एमडीए अभियान।

Lucknow News : उत्तर प्रदेश में फाइलेरिया उन्मूलन की दिशा में बड़ी सफलता मिल रही है। कभी प्रदेश के 51 जिलों के 782 ब्लॉकों तक फैली इस बीमारी का संक्रमण अब काफी हद तक सिमट गया है। रामपुर को फाइलेरिया मुक्त घोषित किया जा चुका है, जबकि वाराणसी, आजमगढ़, मऊ और महोबा भी इस बीमारी से मुक्त होने की कगार पर हैं। प्रदेश में 19 नवंबर से शुरू होने जा रहे सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान के जरिए संक्रमण को और कम करने की तैयारी है। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य अभियान के दौरान 90 प्रतिशत से अधिक लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाना है।

मंगलवार को लखनऊ के एक होटल में आयोजित राज्यस्तरीय मीडिया संवेदीकरण कार्यशाला में राज्य फाइलेरिया अधिकारी डॉ. एके चौधरी ने यह जानकारी दी। सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च (सीफार) के सहयोग से आयोजित कार्यशाला में उन्होंने बताया कि इस बार प्रदेश के 16 जिलों के 53 ब्लॉकों में ही एमडीए अभियान चलाया जाएगा। यह बीमारी के संक्रमण में आई कमी का संकेत है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के 412 ब्लॉक नॉन एंडेमिक हो चुके हैं। वहीं, 149 ब्लॉकों में नाइट ब्लड सर्वे के दौरान संक्रमण काफी कम पाया गया है। अब केवल 117 ब्लॉकों में एमडीए अभियान चलाने की जरूरत रह गई है। इनमें फरवरी 2026 में 64 और नवंबर 2026 में 53 ब्लॉक शामिल हैं।

6500 गांवों में चलेगा अभियान, 2680 टीमें तैनात

डॉ. चौधरी ने बताया कि एमडीए अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग, यूपीएसआरएलएम और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया है।

अभियान प्रदेश के 16 जिलों के करीब 6500 गांवों में चलाया जाएगा। इसके लिए 2680 टीमें और 8730 आशा कार्यकर्ताओं को तैनात किया गया है। इसके अलावा 859 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में फाइलेरिया रोधी दवाएं उपलब्ध रहेंगी। स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों को अपने सामने दवा खिलाएंगे, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति दवा सेवन से वंचित न रहे।

फतेहपुर के 11 और सीतापुर के 10 ब्लॉक में दवा सेवन

इस बार एमडीए अभियान कानपुर नगर, उन्नाव, कानपुर देहात, चित्रकूट, सीतापुर, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, प्रयागराज, गोंडा, हरदोई, कन्नौज, बलिया, फर्रुखाबाद, फतेहपुर और कौशांबी के 53 ब्लॉकों में चलाया जाएगा।

ब्लॉकवार आंकड़ों के मुताबिक, फतेहपुर में सबसे अधिक 11 ब्लॉकों में अभियान चलेगा। इसके बाद सीतापुर के 10 और कानपुर देहात के सात ब्लॉक शामिल हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने इन 16 जिलों में एक लाख 91 हजार 487 ऐसे लोगों की सूची तैयार की है, जिन्होंने अब तक कभी फाइलेरिया रोधी दवा नहीं खाई है। इसके अलावा पांच लाख 38 हजार 351 प्रवासी लोगों और तीन लाख 31 हजार 368 दवा सेवन से इनकार करने वाले लोगों को भी अभियान के दौरान दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

फाइलेरिया उन्मूलन के लिए सामूहिक भागीदारी जरूरी

कार्यशाला में निदेशक डॉ. रेखा रानी ने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी संबंधित विभागों, स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों, पंचायती राज संस्थाओं और सामुदायिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने अभियान में जनसहभागिता और जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

इस दौरान रोगी हितधारक मंच (पीएसपी) के सदस्यों ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्नाव से आए प्रधान रामबाबू, सीतापुर की ररिता देवी और कानपुर के बसंत लाल गुप्ता ने पत्रकारों को बताया कि समुदाय के स्तर पर लोगों का सहयोग जुटाने और फाइलेरिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए किस तरह प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यशाला में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के उपमहाप्रबंधक डॉ. अताउर रहमान, संयुक्त निदेशक वीबीडी डॉ. पंकज सक्सेना, गेट्स फाउंडेशन के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मानिक रेलन, पीसीआई के रनपाल सिंह समेत डब्ल्यूएचओ, पीसीआई, पाथ, जीएचएस और सीफार के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button