
Bihar News- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरे और वैशाली में आयोजित होने वाले विशाल कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की पटना जिला स्तरीय संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सह बिहार प्रभारी हरीश द्विवेदी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री सह बिहार के सह-प्रभारी रोहन गुप्ता, जदयू के वरिष्ठ मंत्री एवं विधानसभा में विधायक दल के नेता श्रवण कुमार सहित एनडीए के सभी घटक दलों के वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
बैठक में कार्यक्रम को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। इस दौरान 11, 12 और 13 नवंबर को प्रखंड स्तर पर तथा 17 और 18 नवंबर को विधानसभा स्तर पर बैठकें आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सह बिहार प्रभारी हरीश द्विवेदी ने कहा कि भाजपा कार्यालय में राजग की यह संयुक्त बैठक उन लोगों को स्पष्ट संदेश है, जो गठबंधन को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैलाते हैं। बिहार में राजग पूरी एकजुटता और दृढ़ता के साथ आगे बढ़ रहा है। सभी घटक दल एक साथ मिलकर सरकार की उपलब्धियों और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सुशासन बाबू के रूप में पहचान बनाने वाले नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास की नई यात्रा शुरू की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बिहार के समग्र विकास में केंद्र सरकार के पूर्ण सहयोग का संकल्प व्यक्त किया था। उसी कड़ी में प्रधानमंत्री 21 नवंबर को वैशाली के राजापाकर पहुंच रहे हैं, जहां करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। यह बिहार के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। राजग के सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि प्रधानमंत्री का ऐतिहासिक स्वागत करें।
हरीश द्विवेदी ने कहा कि किसी नेता का सच्चा स्वागत केवल सभा में भीड़ जुटाने से नहीं, बल्कि उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने से होता है। नीतीश कुमार के कार्यकाल की उपलब्धियों, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में हो रही प्रगति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पिछले 12 वर्षों में गरीबों, किसानों और मजदूरों के उत्थान के लिए किए गए कार्यों की चर्चा प्रत्येक गांव और घर में होनी चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया, समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और आपसी संवाद के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजापाकर की रैली में सभी कार्यकर्ता उत्साह के साथ शामिल हों। 21 नवंबर को पूरे बिहार में उत्सव जैसा वातावरण बनना चाहिए। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में विकसित बिहार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि 20 नवंबर को राजग सरकार का एक वर्ष पूरा होने जा रहा है। इस अवसर पर वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड स्थित जाफरपट्टी के 1200 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैले औद्योगिक एस्टेट में विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार आगमन का आग्रह स्वीकार कर लिया है। उनका 21 नवंबर को आगमन इस उत्सव को विशेष बनाएगा। राजग के कोर ग्रुप ने तय किया है कि सभी घटक दल मिलकर इस कार्यक्रम को भव्य और दिव्य बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि नवंबर 2005 से नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजग सरकार ने बिहार को जंगलराज से निकालकर सुशासन स्थापित किया। आधारभूत संरचना का व्यापक विकास हुआ और कानून का राज कायम हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सहयोग से डबल इंजन की सरकार बिहार के विकास को नई गति दे रही है। आज एक्सप्रेस कॉरिडोर, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर के संस्थानों की स्थापना हो रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री सह बिहार के सह-प्रभारी रोहन गुप्ता ने कहा कि एक वर्ष पूर्व चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं ने हर विधानसभा और हर बूथ तक पहुंचकर जनता से समर्थन मांगा था। जनता ने राजग को अपना पूर्ण आशीर्वाद दिया। यह कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, गठबंधन की नीतियों और एकजुटता की जीत है। शिक्षा, सुरक्षा, सड़क और सुशासन के जो वादे किए गए थे, वे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में लगातार पूरे किए जा रहे हैं।
जदयू के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि राजग के कार्यकर्ताओं ने हर परिस्थिति में कार्यक्रमों को सफल बनाया है और कभी पीछे कदम नहीं हटाया। वर्ष 2005 से पहले बिहार जिन गंभीर चुनौतियों से गुजर रहा था, उससे नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य को बाहर निकालकर विकास के नए आयाम स्थापित किए गए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि प्रधानमंत्री के विशाल कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जुटें, ताकि प्रधानमंत्री प्रसन्न होकर बिहार के लिए और बड़ी योजनाओं की घोषणा करें। उन्हें विश्वास है कि प्रखंड स्तर तक बैठकें आयोजित कर कार्यकर्ता कार्यक्रम को सफल बनाएंगे।
‘हम’ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अनिल कुमार ने कहा कि राजग की ताकत उसकी एकजुटता और साझा विकास संकल्प में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और बिहार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। वैशाली में आयोजित होने वाला कार्यक्रम बिहार के विकास और औद्योगिक संभावनाओं को नई पहचान देगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने में पूरी ताकत लगाने की अपील की।
लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार आगमन राज्य के लिए गौरव का विषय है। राजग के सभी घटक दल पूरी एकजुटता के साथ इस कार्यक्रम की तैयारियों में जुटेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बिहार को विकास की नई गति मिली है। कार्यकर्ता गांव और प्रखंड स्तर पर लोगों को कार्यक्रम से जोड़कर इसे ऐतिहासिक बनाने का काम करेंगे।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सुभाष सिंह चंद्रवंशी ने कहा कि राजग के सभी घटक दलों के बीच बेहतर समन्वय और एकजुटता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वैशाली में होने वाला कार्यक्रम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि बिहार के औद्योगिक विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का संदेश होगा।
इस अवसर पर बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार एवं राम कृपाल यादव, सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार गांधीजी, संजीव चौरसिया, विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक, हम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अनिल कुमार, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चंद्रवंशी सहित एनडीए के विधायकगण, पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।
Read Also-Lucknow News-घर-परिवार से दूर धरना स्थल पर अभ्यर्थियों ने मनाई दीपावली, 69वें दिन भी जारी रहा आंदोलन



