
IND vs PAK Final: भारत और पाकिस्तान के बीच एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट फाइनल की शुरुआत एक बार फिर बिना हैंडशेक के हुई। शनिवार, 3 अक्टूबर को जापान में खेले जा रहे गोल्ड मेडल मुकाबले में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर और पाकिस्तान के कप्तान साहिबजादा फरहान ने टॉस के दौरान हाथ नहीं मिलाया। इस घटनाक्रम के साथ दोनों टीमों के बीच पिछले साल से चला आ रहा नो-हैंडशेक का सिलसिला जारी रहा।
टॉस के बाद बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया
फाइनल मुकाबले में श्रेयस अय्यर ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टॉस के दौरान दोनों कप्तानों के बीच पारंपरिक हैंडशेक नहीं हुआ। इस घटनाक्रम ने भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले एक बार फिर ध्यान खींचा।
एशिया कप 2025 से शुरू हुआ था सिलसिला
भारत और पाकिस्तान के बीच हैंडशेक नहीं होने का मामला सितंबर 2025 में एशिया कप के दौरान चर्चा में आया था। 14 सितंबर को हुए मुकाबले में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा से हाथ नहीं मिलाया था। मैच समाप्त होने के बाद भी भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तानी टीम के सदस्यों से हाथ मिलाए बिना ड्रेसिंग रूम लौट गए थे।
इसके बाद दोनों टीमों के बीच खेले गए मुकाबलों में भी यह परंपरा देखने को नहीं मिली। एशिया कप और 2026 टी20 विश्व कप सहित विभिन्न टूर्नामेंटों में भारत-पाकिस्तान के मैचों के दौरान हैंडशेक नहीं होने की घटनाएं सामने आईं।
बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में खेलने पर भारत का रुख
भारत सरकार की ओर से पहले स्पष्ट किया जा चुका है कि बहुराष्ट्रीय खेल आयोजनों में पाकिस्तान के साथ खेलने को लेकर भारत को आपत्ति नहीं है। ऐसे आयोजनों में भारतीय टीमें अंतरराष्ट्रीय खेल संस्थाओं के नियमों के तहत हिस्सा लेती हैं। वहीं, पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय खेल सीरीज को लेकर भारत की नीति अलग रही है।
गोल्ड मेडल के लिए आमने-सामने दोनों टीमें
एशियन गेम्स के पुरुष क्रिकेट फाइनल में भारत और पाकिस्तान की टीमें स्वर्ण पदक के लिए भिड़ रही हैं। भारत ने पिछले एशियन गेम्स में क्रिकेट का गोल्ड मेडल जीता था। इस मुकाबले में जीतने वाली टीम स्वर्ण पदक हासिल करेगी, जबकि हारने वाली टीम को रजत पदक मिलेगा।
भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबले में खेल के साथ-साथ मैदान पर खिलाड़ियों के व्यवहार पर भी नजर रहती है। इस बार भी टॉस के दौरान हैंडशेक नहीं होना चर्चा का विषय बना।
written by Siddhi Srivastava



