
Lucknow News-डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) सी.एम. सिंह, डीन प्रो. राजन भटनागर, सीएमएस डॉ. विक्रम सिंह, मीडिया प्रवक्ता डॉ. भुवन चंद्र तिवारी समेत अन्य संकाय सदस्यों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों को नमन किया गया।
विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
समारोह के दौरान संस्थान के एमबीबीएस एवं नर्सिंग विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने सामूहिक गीत, भाषण और एकल गीत के माध्यम से महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों और देश के प्रति उनके योगदान को प्रस्तुत किया। प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने सराहा।
सत्य, अहिंसा और सादगी के आदर्शों पर दिया जोर
समारोह को संबोधित करते हुए सीएमएस, डीन एवं निदेशक ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के विचारों को जीवन में अपनाने पर जोर दिया। वहीं लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों को प्रेरणादायी बताते हुए उनके आदर्शों से सीख लेने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में संस्थान के विभिन्न विभागों के संकाय सदस्य, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Read Also-Prayagraj News-शास्त्री नगर में सफाई व्यवस्था बदहाल, खुली नाली से हादसों का खतरा


