
Prayagraj News-नगर पंचायत कोरांव के वार्ड नंबर 7 शास्त्री नगर में लेड़ियारी रोड पर साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों और दुकानदारों में नाराजगी है। सड़क किनारे नाली खुली होने और उसमें गंदगी जमा होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, कुछ दिन पहले बारिश के पानी की निकासी के लिए नगर पंचायत की ओर से जेसीबी मशीन लगाकर नाली की खुदाई कराई गई थी। इस दौरान नाली पर लगे ढक्कन भी निकाल दिए गए। आरोप है कि खुदाई के बाद न तो नाली की समुचित सफाई कराई गई और न ही ढक्कनों को दोबारा लगाया गया।
खुली नाली से दुर्घटना का खतरा
नाली में कचरा, पॉलीथीन और कीचड़ जमा होने से स्थिति खराब हो गई है। नाली खुली होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक सवार और पैदल यात्री इसमें गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। ऐसे में किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
दुर्गंध और मच्छरों से लोग परेशान
नाली से उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास के दुकानदारों को भी परेशानी हो रही है। दुकानदारों का कहना है कि गंदगी के कारण ग्राहक दुकानों पर आने से कतराने लगे हैं। वहीं, जमा कचरे और गंदे पानी के चलते मच्छरों की संख्या बढ़ गई है। इससे डेंगू, मलेरिया और अन्य मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका है।
शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि नगर पंचायत के अधिकारियों और कर्मचारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि सफाईकर्मी मुख्य सड़क पर झाड़ू लगाकर चले जाते हैं, जबकि नालियों की सफाई पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि नाली की तत्काल सफाई कराई जाए और उस पर ढक्कन लगाए जाएं। इससे दुर्घटनाओं का खतरा कम होगा और लोगों को गंदगी तथा दुर्गंध से राहत मिल सकेगी।
इस मामले में नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इस कारण उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।
Read Also-Pratapgarh News-मोलनापुर कांड पर दहाड़े भाजपा नेता अभय प्रताप सिंह पप्पन



