
Sonbhadra News-बभनी विकास खंड के सांगोबांध-चौना-बभनी लगभग 20 किलोमीटर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क संपर्क मार्ग की हालत बदहाल हो गई है। पांच-सात वर्ष पूर्व बनी इस सड़क पर नाली निर्माण न होने से जगह-जगह बारिश का पानी जमा हो जाता है, जिससे सड़क बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है।
सड़क पर जमा पानी से होकर बड़ी गाड़ियों के गुजरने पर पैदल चलने वालों और बाइक सवारों पर गंदा पानी उछलता है। स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को पानी में डूबकर जाना पड़ रहा है। छोटे बच्चों के कपड़े गंदे हो जाते हैं और उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों के अनुसार सात-आठ माह पहले ठेकेदार द्वारा गड्ढों में सिर्फ सोलिंग डालकर छोड़ दिया गया, कहीं-कहीं पीसीसी कर आधा-अधूरा काम छोड़ दिया गया। इस बरसात में जलजमाव से गड्ढे और गहरे हो गए हैं। कई बाइक सवार गड्ढों में गिरकर घायल भी हो चुके हैं।
ग्रामीण अनिल कुमार, अरुण सिंह, जय सिंह, सोनू, सुरेश गुप्ता, प्रेमचंद, रिंकू शर्मा, सुरेंद्र कुमार, मो. असलम, अनवर, नौशाद आदि ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए तत्काल नाली निर्माण और सड़क मरम्मत की मांग की है।



