UP News : मां तरकुलहा देवी धाम के प्राचीन पोखरे की सफाई करने वाले युवाओं से मिले CM योगी, सुंदरीकरण का दिया आश्वासन

UP News :  मां तरकुलहा देवी धाम के प्राचीन पोखरे की सफाई करने वाले युवाओं से CM योगी मिले। अनुपम गुप्ता और करन निषाद के श्रमदान की सराहना कर पोखरे के सुंदरीकरण और स्थायी जीर्णोद्धार का आश्वासन दिया।

UP News : मां तरकुलहा देवी धाम परिसर के सामने स्थित ऐतिहासिक पोखरे की सफाई के लिए स्वप्रेरणा से श्रमदान कर रहे दो युवाओं की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सराहना की। मुख्यमंत्री ने युवाओं के सेवा भाव को अनुकरणीय बताते हुए आश्वासन दिया कि प्राचीन पोखरे का जल्द सुंदरीकरण कराया जाएगा और इसका स्थायी जीर्णोद्धार किया जाएगा।

गांव भाऊपुर (बंजारी देवी), चौरीचौरा निवासी युवा अनुपम गुप्ता और करन निषाद ने 5 सितंबर से मां तरकुलहा देवी धाम के सामने स्थित पोखरे की सफाई का बीड़ा उठाया था। दोनों युवा प्रतिदिन श्रमदान कर पोखरे में फैली जलकुंभी और गंदगी को हटाने में जुटे थे। मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं ने भी युवाओं की इस पहल की सराहना की।

पांच सितंबर से लगातार कर रहे थे श्रमदान

ऐतिहासिक पोखरे में लंबे समय से जलकुंभी और गंदगी जमा होने के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसे देखते हुए अनुपम गुप्ता और करन निषाद ने किसी सरकारी पहल का इंतजार किए बिना खुद सफाई अभियान शुरू किया। दोनों युवाओं ने प्रतिदिन पोखरे में श्रमदान कर जलकुंभी और गंदगी हटाई।

उनकी इस पहल की जानकारी मंदिर ट्रस्ट और स्थानीय लोगों के साथ शासन तक भी पहुंची। सेवा भाव से किए जा रहे इस कार्य की क्षेत्र में भी चर्चा हुई।

SDM ने फोन कर मुख्यमंत्री से मुलाकात की जानकारी दी

युवाओं की पहल की जानकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचने के बाद बुधवार, 16 सितंबर की सुबह करीब नौ बजे चौरीचौरा के एसडीएम ने अनुपम गुप्ता और करन निषाद से फोन पर संपर्क किया। एसडीएम ने दोनों युवाओं को बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनसे मुलाकात के लिए बुलाया है।

इसके बाद दोनों युवाओं को एनेक्सी भवन ले जाया गया, जहां करीब 10 बजे उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की।

CM योगी ने युवाओं की पहल को बताया अनुकरणीय

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों युवाओं से बातचीत की और उनके साथ फोटो भी खिंचवाई। मुख्यमंत्री ने पोखरे की सफाई के लिए किए जा रहे श्रमदान और उनके सेवा भाव की जमकर सराहना की। उन्होंने युवाओं के योगदान को अनुकरणीय बताया और उनके प्रयासों को प्रोत्साहित किया।

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि मां तरकुलहा देवी धाम के सामने स्थित प्राचीन पोखरे का सुंदरीकरण कराया जाएगा। साथ ही पोखरे के स्थायी जीर्णोद्धार की दिशा में भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

युवाओं के इस स्वप्रेरित सफाई अभियान से अब ऐतिहासिक पोखरे के कायाकल्प की उम्मीद जगी है। इससे मां तरकुलहा देवी धाम आने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Show More

Related Articles

Back to top button