
Pratapgarh News:सर्वोदय सद्भावना संस्थान की ओर से पूर्व राज्यसभा सदस्य शिव प्रताप मिश्र ‘बाबा’ की 26वीं पुण्यतिथि को सद्भावना दिवस के रूप में मनाया गया। रामानुज आश्रम में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि डॉ. संगम लाल त्रिपाठी ‘भंवर’ ने की। कार्यक्रम में वक्ताओं ने बाबा मिश्रा के सामाजिक, राजनीतिक और मानवीय योगदान को याद करते हुए उन्हें प्रतापगढ़ का गौरव बताया।
कार्यक्रम से पहले जिला अस्पताल में फल वितरण किया गया। सीएमएस डॉ. शैलेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में धर्माचार्य ओम प्रकाश पांडे अनिरुद्ध रामानुज दास ने मरीजों को फल वितरित किए। इसके अलावा विश्वम प्रकाश पांडे और संतोष त्रिपाठी ने वकील परिषद में तथा अंकिता पांडे और संतोष उर्फ गुड्डू शर्मा ने महुली स्थित वृद्धाश्रम में फल वितरण किया।
रामानुज आश्रम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पंडित राजाराम दुबे, पूर्व अध्यक्ष बेसिक शिक्षा परिषद, रहे। संस्थान के अध्यक्ष धर्माचार्य ओम प्रकाश पांडे अनिरुद्ध रामानुज दास ने बाबा मिश्रा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण किया।
उन्होंने कहा कि शिव प्रताप मिश्र ‘बाबा’ प्रतापगढ़ के गौरव थे। साधारण पारिवारिक परिवेश से निकलकर उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में अध्ययन के दौरान उनके पहनावे और व्यक्तित्व के कारण लोग उन्हें ‘बाबा मिश्रा’ कहने लगे थे।
शिक्षा पूरी करने के बाद राजा दिनेश सिंह के आमंत्रण पर वह दिल्ली गए, जहां उनकी मुलाकात तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से हुई। उनकी प्रतिभा और वाकपटुता से प्रभावित होकर उन्हें ऑल इंडिया यूथ कांग्रेस कमेटी का संयोजक बनाया गया। बाद में राजीव गांधी ने संगठन के प्रति उनकी निष्ठा को देखते हुए उन्हें राज्यसभा सदस्य बनाया।
धर्माचार्य ने कहा कि बाबा मिश्रा सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं का सम्मान करते थे। प्रतापगढ़ से दिल्ली आने वाले लोगों की वह मदद करते और उनके रहने-खाने की व्यवस्था भी कराते थे। वापस लौटते समय रेल किराया देने तक की व्यवस्था करते थे। उनके व्यक्तित्व में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदना का भाव प्रमुख था।
कार्यक्रम में कवियों और साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से बाबा मिश्रा को श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें दयालुता एवं करुणा की प्रतिमूर्ति बताया।
इस अवसर पर डॉ. मनोज खत्री, डॉ. अवंतिका पांडे, विजय यादव, विनीत कुमार, राजेश यादव, अजय तिवारी, राजेंद्र कुमार, गिरीश चंद्र मिश्र, शिक्षक नेता निर्मला पांडे, प्रधानाचार्य नारायणी रामानुज दासी, इंजीनियर अनामिका पांडे, कल्पना तिवारी ‘दिव्या’, विश्वम प्रकाश पांडे, डॉ. अंकिता पांडे, शेखर त्रिपाठी, कनक तिवारी, आरविका पांडे, छोटेलाल सरकार, पप्पू पाल और दीपक कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता सुरेश नारायण दुबे ‘व्योम’ ने किया।



